पीएम मोदी का कांग्रेस पर बड़ा प्रहार, बोले- जहाँ कांग्रेस की सोच खत्म होती है, वहाँ से हमारा काम शुरू होता है
Sandesh Wahak Digital Desk: असम के सिलचर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पूर्वोत्तर के विकास के लिए एक नई इबारत लिखी। उन्होंने 24,000 करोड़ रुपये की लागत वाले शिलांग-सिलचर कॉरिडोर का भूमि पूजन किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस की पिछली सरकारों पर उत्तर-पूर्व की अनदेखी करने और ‘फूट डालो-राज करो’ की राजनीति करने का गंभीर आरोप लगाया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक कांग्रेस ने इस क्षेत्र को अपने हाल पर छोड़ दिया था। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, कांग्रेस वालों के दिमाग का ताला जहाँ बंद होता है, वहाँ से हमारा काम शुरू होता है। कांग्रेस तो यह गिन भी नहीं सकती कि 24,000 करोड़ के इस प्रोजेक्ट में कितने शून्य होते हैं।
बराक वैली की बदहाली का जिम्मेदार कौन
पीएम मोदी ने बराक घाटी के इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि आजादी के समय कांग्रेस की गलतियों के कारण इस घाटी का समुद्र से संपर्क कट गया। जो क्षेत्र कभी व्यापार और उद्योगों का केंद्र था, उसे कांग्रेस ने दशकों तक विकास की दौड़ में पीछे रखा। अब यह नया कॉरिडोर न केवल सिलचर बल्कि मिजोरम, मणिपुर और त्रिपुरा को भी आपस में जोड़ेगा, जिससे व्यापार को नई गति मिलेगी।
प्रधानमंत्री ने बॉर्डर एरिया के विकास पर जोर देते हुए कहा, कांग्रेस सीमावर्ती गांवों को देश का अंतिम गांव मानती थी, लेकिन हमारी सरकार उन्हें देश का पहला गांव मानती है। इसी सोच के साथ कछार जिले से इस कार्यक्रम का अगला चरण शुरू किया गया है। पीएम मोदी ने याद दिलाया कि शुक्रवार को ही उन्होंने गुवाहाटी से किसान सम्मान निधि की किस्त जारी की है। उन्होंने तंज कसा कि असम से प्रधानमंत्री चुने जाने के बावजूद कांग्रेस ने यहाँ के किसानों के लिए कुछ नहीं किया।
असम में शांति की बहाली पर बात करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने यहाँ के युवाओं को केवल हिंसा और आतंकवाद के जाल में उलझाया। लेकिन आज डबल इंजन की सरकार ने उन कुचक्रों को तोड़कर युवाओं के लिए अवसरों का खुला आसमान दे दिया है। आज असम ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ का केंद्र बन चुका है।
Also Read: Hardoi News: मुठभेड़ में भाई की पत्नी के हत्यारे जेठ के पैर में लगी गोली, पुलिस ने किया गिरफ्तार

