Lucknow News: 50 हजार का इनामी गोतस्कर कौसर अली गिरफ्तार, कई राज्यों में फैला था तस्करी का जाल
Lucknow News: उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ ने जनपद चंदौली से गैंगस्टर एक्ट में वांछित और 50,000 रुपये के पुरस्कार घोषित अपराधी कौसर अली उर्फ पद्दू को कानपुर देहात के रनिया क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक (STF) लाल प्रताप सिंह के निर्देशन में टीमें फरार अपराधियों की तलाश में जुटी थीं। इसी दौरान सूचना मिली कि इनामी बदमाश कौसर अली कानपुर-इटावा हाईवे (NH2) पर रनिया थाना क्षेत्र के पास मौजूद है। निरीक्षक आदित्य कुमार सिंह की टीम ने घेराबंदी कर शनिवार दोपहर करीब 3:40 बजे उसे धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में अपने सिंडिकेट के काम करने के तरीके का खुलासा किया। कौसर का गिरोह यूपी, हरियाणा, पंजाब और बिहार जैसे राज्यों से गोवंशीय पशुओं को इकट्ठा करता था और उन्हें अवैध रूप से असम और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में तस्करी करता था।
नवंबर 2023 में चंदौली के सैयदराजा थाने में मामला दर्ज होने के बाद से वह लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह बिहार, हरियाणा, मुंबई, दिल्ली और अहमदाबाद में छिपकर रह रहा था। आरोपी के खिलाफ पहले ही गैर-जमानती वारंट (NBW) और कुर्की (82/83 CRPC) की कार्रवाई की जा चुकी थी।
अपराधों की लंबी फेहरिस्त
कौसर अली उर्फ पद्दू एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ कौशाम्बी, कानपुर नगर और चंदौली के विभिन्न थानों में गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इनमें जुआ अधिनियम, गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराएं शामिल हैं।

