नेपाल में मनकामना मंदिर से लौट रही बस खाई में गिरी, 7 भारतीय श्रद्धालुओं की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: नेपाल के गंडकी प्रांत में शनिवार को एक भीषण बस दुर्घटना हुई, जिसमें सात भारतीय तीर्थयात्रियों ने अपनी जान गंवा दी। हादसा उस वक्त हुआ जब श्रद्धालु प्रसिद्ध मनकामना देवी के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। गोरखा जिले के पहाड़ी रास्ते पर बस अचानक ड्राइवर के नियंत्रण से बाहर हो गई और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।

पुलिस के मुताबिक, यह यात्री बस श्रद्धालुओं को लेकर लौट रही थी। गोरखा जिले के जिला यातायात पुलिस कार्यालय के प्रमुख सूरज आर्यल ने बताया कि बस अनियंत्रित होकर काफी नीचे खाई में गिरी, जिससे मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। मृतकों में दो महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं।

मृतकों की पहचान

जिला पुलिस कार्यालय के अनुसार, जान गंवाने वाले सभी सात लोग भारतीय नागरिक थे। मृतकों की पहचान मुथु कुमार (58 वर्ष), अनामलिक (58 वर्ष), मीनाक्षी (59 वर्ष), शिवगामी (53 वर्ष), विजयल (57 वर्ष), मीना (58 वर्ष), तमिलारसी (60 वर्ष) के रूप में हुई है।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुँचा। पुलिस प्रमुख भरत बहादुर बीके ने बताया कि मलबे से सात घायल यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। सभी घायलों को इलाज के लिए आंबुखैरेनी के एक नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस इलेक्ट्रिक बस का चालक चमत्कारिक रूप से बच गया है, जबकि उसका सहायक गंभीर रूप से घायल है। नेपाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच शुरू कर दी है। भारतीय दूतावास को भी घटना की जानकारी दे दी गई है ताकि परिजनों तक सहायता पहुँच सके।

Also Read: ‘वो गजब का एक्टर है…’, गोविंदा की जमकर तारीफ, लेट आने पर बोले डेविड धवन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.