Siddharthnagar News: सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. कविता शाह ने खुद रक्तदान कर किया शिविर का शुभारंभ
Siddharthnagar News: सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, कपिलवस्तु के स्वास्थ्य विभाग और माधव प्रसाद त्रिपाठी महाविद्यालय के साझा सहयोग से सोमवार को एक भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सेवा और मानवता को समर्पित इस अभियान में विश्वविद्यालय परिवार ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
शिविर का शुभारंभ करते हुए कुलपति प्रोफेसर कविता शाह ने रक्तदान के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, शिक्षण संस्थानों का काम सिर्फ पढ़ाना नहीं, बल्कि समाज को जागरूक और संवेदनशील बनाना भी है। निस्वार्थ भाव से किया गया रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। हमारा एक छोटा सा प्रयास किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। जब युवा पीढ़ी और शिक्षा जगत के लोग ऐसे अभियानों से जुड़ते हैं, तो वे वास्तव में राष्ट्र धर्म का पालन करते हैं।

शिक्षकों और छात्रों ने भी किया रक्तदान
कुलपति के आह्वान पर विश्वविद्यालय के कई गणमान्य सदस्यों ने रक्तदान किया। इनमें कला संकाय की अधिष्ठाता प्रोफेसर नीता यादव और डॉ. कपिल गुप्ता समेत बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी और छात्र शामिल रहे। सभी ने इस अभियान को सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने का एक बेहतरीन अवसर बताया।
कार्यक्रम में महाराष्ट्र से पधारे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के श्री लक्ष्मी नारायण की विशेष उपस्थिति रही। उनकी मौजूदगी में रक्तदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से आगे बढ़ाया गया। चिकित्सालय के डॉ. ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव ने पूरी प्रक्रिया का तकनीकी संचालन सुनिश्चित किया।
शिविर को सफल बनाने में माधव प्रसाद त्रिपाठी महाविद्यालय की ओर से डॉ. वीरेंद्र कुमार सोनी, डॉ. रंजीत प्रसाद, डॉ. अनीता (काउंसलर), डॉ. प्रशांत कुमार मिश्रा, डॉ. मणि रत्नम और डॉ. आलोक मिश्रा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। साथ ही पंकज पांडे और राजकुमार त्रिपाठी सहित अन्य कर्मचारियों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: डिजिटल कृषि की ओर तेजी से बढ़ रहा उत्तर प्रदेश, क्रॉप सर्वे और फार्मर रजिस्ट्री में बड़ा विस्तार

