लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार वरुण गांधी की PM नरेंद्र मोदी से मुलाकात, सियासी अटकलें तेज

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से पूर्व सांसद वरुण गांधी ने लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।

इस दौरान वह अपने परिवार के साथ मौजूद रहे, जिसमें उनकी पत्नी और बेटी भी शामिल थीं। मुलाकात की तस्वीर सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

वरुण गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि परिवार सहित प्रधानमंत्री से मिलकर उनका आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त करना सौभाग्य की बात है।

उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रति सम्मान जताते हुए लिखा कि उनके व्यक्तित्व में पितृवत स्नेह और संरक्षण का भाव झलकता है, और यह मुलाकात उनके विश्वास को और मजबूत करती है कि प्रधानमंत्री देश के सच्चे अभिभावक हैं।

सियासी मायनों की तलाश शुरू

इस मुलाकात की तस्वीर सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में इसके मायने निकाले जा रहे हैं। माना जा रहा है कि आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों को देखते हुए वरुण गांधी की सक्रिय राजनीति में भूमिका को लेकर संकेत मिल सकते हैं।

पहले रहे हैं आलोचनात्मक

गौरतलब है कि 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले Varun Gandhi ने कई मौकों पर भारतीय जनता पार्टी और केंद्र सरकार की नीतियों पर खुलकर आलोचना की थी।

इतना ही नहीं, सुल्तानपुर में अपनी मां और भाजपा उम्मीदवार Maneka Gandhi के समर्थन में प्रचार के दौरान भी उनका रुख अलग नजर आया था।

उल्लेखनीय है कि भाजपा ने उन्हें पीलीभीत से टिकट नहीं दिया था, जिसके बाद उनकी नाराजगी भी सामने आई थी। उस दौरान उन्होंने प्रचार मंच पर पार्टी से जुड़े प्रतीकों का इस्तेमाल भी नहीं किया था।

फिलहाल, प्रधानमंत्री से हुई यह मुलाकात आने वाले समय में उत्तर प्रदेश की राजनीति में नए समीकरणों की ओर इशारा कर रही है।

Also Read: अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर लगाया भाजपा के इशारे पर काम कर करने का आरोप, गैस संकट को लेकर सरकार को घेरा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.