इंदौर में इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग के दौरान उठी चिंगारी ने ली 6 लोगों की जान, तीन मंजिला मकान जलकर राख

Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के तिलक नगर थाना क्षेत्र स्थित बृजेश्वरी एन्क्लेव में आज सुबह करीब 4 बजे एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। गहरी नींद में सो रहे एक परिवार के लिए सुबह की पहली किरण मौत का पैगाम लेकर आई।

इंदौर के कलेक्टर शिवम वर्मा और पुलिस आयुक्त संतोष सिंह के मुताबिक, शुरुआती जांच में आग लगने की वजह इलेक्ट्रिक वाहन (EV) का चार्जिंग पॉइंट नजर आ रही है। घर के नीचे एक इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग पर लगी थी। संभवतः शॉर्ट सर्किट के कारण वहां से चिंगारी उठी और देखते ही देखते आग ने पूरी तीन मंजिला इमारत को अपनी आगोश में ले लिया।

धमाकों से गूँज उठा इलाका

पुलिस आयुक्त ने बताया कि जब बचाव टीमें मौके पर पहुँचीं, तो उनके सामने ही घर के अंदर दो-तीन जोरदार धमाके हुए, जिससे आग और विकराल हो गई। दमकल की 10 से 12 गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद एक-एक मंजिल कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक छह लोग दम तोड़ चुके थे।

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। कलेक्टर शिवम वर्मा ने घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि फिलहाल प्राथमिकता अंदर फंसे अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और घायलों को उपचार मुहैया कराने की है। फॉरेंसिक टीम आग लगने के सटीक कारणों की पड़ताल कर रही है।

Also Read: Lucknow News: वकील ससुर ने दामाद को पटरे से पीट-पीटकर मार डाला, बेटी और 3 साल की नातिन के सामने कत्ल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.