ईद को लेकर Delhi High Court सख्त, उत्तम नगर में सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश

Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) ने ईद के मौके पर संभावित हिंसा की आशंका को देखते हुए उत्तम नगर इलाके में पुख्ता सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिल्ली पुलिस को दिए हैं। कोर्ट ने इस मामले में दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर जवाब भी मांगा है। साथ ही यह भी निर्देश दिया गया है कि रामनवमी के त्योहार तक इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी जाए। इस मामले की अगली सुनवाई 6 अप्रैल को होगी।

होली के विवाद से बढ़ा तनाव

दरअसल होली के दिन उत्तम नगर में रंग लगाने को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया था, जिसमें तरुण नाम के एक युवक की हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। इसके बाद कुछ संगठनों की ओर से ईद पर हिंसा की धमकी दिए जाने के दावे सामने आए, जिससे हालात और संवेदनशील हो गए।

ईद पर शांति बनाए रखने के निर्देश

दिल्ली हाईकोर्ट (Delhi High Court) ने पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ईद के मौके पर किसी भी तरह से माहौल खराब न होने पाए। कोर्ट ने कहा कि पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ-साथ सभी एहतियाती कदम उठाने चाहिए ताकि त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके। इसके साथ ही कोर्ट ने यह भी कहा कि रामनवमी के बाद तक भी इलाके में पुलिस की सतर्कता बनी रहनी चाहिए।

सद्भाव बनाए रखने की अपील

कोर्ट (Delhi High Court) ने उम्मीद जताई कि समाज के सभी वर्ग संयम और समझदारी का परिचय देंगे, जिससे इलाके में शांति और सद्भाव कायम रह सके। न्यायालय ने स्पष्ट किया कि ऐसी संवेदनशील परिस्थितियों में सभी की जिम्मेदारी है कि वे शांति बनाए रखने में सहयोग करें।

राहुल गांधी ने दी बहकावे में न आने की सलाह

तरुण हत्याकांड को लेकर राहुल गांधी ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि उत्तम नगर के लोगों ने हिंसा की भारी कीमत चुकाई है, जहां एक ओर एक युवक की जान गई, वहीं एक परिवार को उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे किसी बहकावे में न आएं और शांति बनाए रखें। उन्होंने कहा कि देश की असली ताकत उसकी एकता, भाईचारे और प्रेम में है।

 

Also Read: GATE Exame 2026 का रिजल्ट जारी, जानें कहां लग सकती है Job

Get real time updates directly on you device, subscribe now.