Kushinagar News: बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, जांच में 5 स्कूली वाहन मिले ‘अनफिट’

पडरौना, कुशीनगर। सुप्रीम कोर्ट और शासन के कड़े निर्देशों के बीच कुशीनगर के स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग एक्शन मोड में है। शुक्रवार को एआरटीओ कार्यालय रवींद्रनगर में आयोजित एक विशेष शिविर के दौरान 130 स्कूली वाहनों की बारीकी से तकनीकी जांच की गई। इस जांच में 125 वाहन फिट पाए गए, जबकि 05 वाहन मानकों पर खरे नहीं उतरे, जिन्हें तत्काल प्रभाव से ‘अनफिट’ घोषित कर दिया गया है।

15 दिन की मोहलत, फिर होगी सीधी कार्रवाई

एआरटीओ मो. अजीम के निर्देशन में सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक चले इस शिविर में वाहनों की फिटनेस के साथ-साथ उनके तकनीकी पहलुओं को परखा गया। जिन 5 स्कूलों के वाहन अनफिट मिले हैं, उनके प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को सख्त चेतावनी दी गई है कि 15 दिन के भीतर कमियों को दूर कर वाहन को मानक के अनुरूप कराएं। समय सीमा बीतने के बाद यदि वाहन सड़क पर मिले, तो मोटर वाहन अधिनियम के तहत भारी चालान और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

चालकों का हुआ हेल्थ चेकअप, मिले ‘स्वास्थ्य कार्ड’

शिविर में केवल वाहनों की ही नहीं, बल्कि उन्हें चलाने वाले 130 चालकों और परिचालकों की भी सेहत जांची गई।

नेत्र परीक्षण: चालकों की आंखों की रोशनी की जांच की गई ताकि सड़क पर कोई चूक न हो।

सामान्य स्वास्थ्य: रुटीन चेकअप के बाद सभी चालकों को आधिकारिक ‘स्वास्थ्य कार्ड’ जारी किए गए।

एआरटीओ की दोटूक: नियमों में ढील नहीं

निरीक्षण के दौरान एआरटीओ मो. अजीम ने स्पष्ट किया कि जनपद में संचालित सभी स्कूली वाहन शासन द्वारा निर्धारित मानकों (जैसे- पीला रंग, स्कूल का नाम, फर्स्ट एड बॉक्स, फिट टायर और खिड़कियों में जाली आदि) के अनुरूप ही चलने चाहिए। इस अवसर पर परिवहन विभाग के तमाम अधिकारी और कर्मचारी मुस्तैद रहे।

रिपोर्ट : राघवेंद्र मल्ल

 

Also Read: Kushinagar News: ओपन स्टेट फुटबाल प्रतियोगिता में कुशीनगर ने मारी बाजी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.