Bareilly News: आंवला में 660 ग्राम अफीम के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार, बुलेट बाइक और मोबाइल बरामद

Bareilly News: आंवला थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 660 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक रॉयल एनफील्ड बुलेट बाइक और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 1 और 2 नवंबर की रात थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान पुरैना तिराहे पर मुखबिर से सूचना मिली कि तीन लोग बुलेट बाइक से भमोरा की ओर से आंवला आ रहे हैं और उनके पास अवैध अफीम है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने मोतीपुरा बॉर्डर से पहले मढ़िया के पास चेकिंग शुरू की। इस दौरान संदिग्ध बुलेट बाइक को रोककर तलाशी ली गई तो 660 ग्राम अफीम बरामद हुई।

तीनों आरोपी बरेली के रहने वाले

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय विश्वास (55), निवासी जैतपुर मोड़, थाना विशारतगंज; मोर सिंह (27), निवासी मिलक जैतपुर की गौटिया, थाना विशारतगंज और राहुल प्रताप (45), निवासी उरला, थाना आंवला के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मिलकर अफीम खरीदते और बेचते थे। इससे होने वाले मुनाफे को आपस में बराबर बांट लेते थे।

उन्होंने यह भी बताया कि बरामद अफीम एक अज्ञात व्यक्ति से खरीदी गई थी और उसे बेचने के लिए ले जा रहे थे।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आंवला थाने में मुकदमा संख्या 563/2026, धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया है। बुलेट बाइक को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, राहुल प्रताप के खिलाफ पहले भी हत्या के प्रयास और लूट समेत मामले दर्ज हैं। मोर सिंह के खिलाफ भी पूर्व में एक मुकदमा दर्ज बताया गया है।

संजय विश्वास का इस मामले के अलावा कोई अन्य आपराधिक इतिहास प्रेस नोट में नहीं बताया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Also Read: गोरखपुर की शिक्षिका की हत्या कर देवरिया में फेंका शव, स्कूल मैनेजर हिरासत में

Get real time updates directly on you device, subscribe now.