कुशीनगर के युवाओं के लिए ‘प्रधानमंत्री सेतु’ का वरदान, अब स्थानीय स्तर पर मिलेंगे वैश्विक रोजगार के अवसर
राज्यसभा सांसद आरपीएन सिंह की बड़ी कामयाबी: गोरखपुर बनेगा 'हब' और कुशीनगर 'स्पोक', डिजिटल लैब और स्मार्ट क्लासरूम से संवरेगा भविष्य
पडरौना, कुशीनगर। कुशीनगर के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर के कौशल (Skill) से जोड़ने की दिशा में एक ऐतिहासिक सफलता मिली है। राज्यसभा सांसद कुंवर आरपीएन सिंह के विशेष प्रयासों से केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ’प्रधानमंत्री सेतु’ के अंतर्गत जनपद कुशीनगर को शामिल कर लिया गया है। इस योजना के लागू होने से क्षेत्र के युवाओं और बेटियों के लिए रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।
हब और स्पोक मॉडल: कैसे बदलेगी तस्वीर?
इस योजना के तहत एक आधुनिक ढांचा तैयार किया गया है, जिसमें प्रशिक्षण की गुणवत्ता को वैश्विक मानकों के अनुरूप बनाया जाएगा।
गोरखपुर (हब): राजकीय आईटीआई चरगांवा, गोरखपुर को मुख्य ‘हब’ के रूप में विकसित किया जाएगा।
कुशीनगर (स्पोक): राजकीय आईटीआई कुशीनगर ‘स्पोक’ के रूप में कार्य करेगा, जो सीधे तौर पर स्थानीय युवाओं को अत्याधुनिक संसाधनों से जोड़ेगा।
हाइ-टेक होगा प्रशिक्षण: स्मार्ट क्लास और डिजिटल लैब
सांसद आरपीएन सिंह ने बताया कि ‘प्रधानमंत्री सेतु’ योजना के तहत आईटीआई केंद्रों को केवल डिग्री देने तक सीमित नहीं रखा जाएगा। इन्हें आधुनिक मशीनरी, स्मार्ट क्लास रूम और डिजिटल लैब से लैस किया जाएगा। इससे यहां के छात्र उन बारीकियों को सीख सकेंगे जो वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय उद्योगों की मांग है।
सीधे प्लेसमेंट पर जोर: कैंपस में ही मिलेंगी नौकरियां
योजना का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा इसका ‘रोजगार-उन्मुख’ होना है।
उद्योगों के साथ MOU: स्थानीय और क्षेत्रीय उद्योगों के साथ समझौता (MOU) किया जाएगा ताकि छात्रों को उद्योगों की जरूरत के हिसाब से सिखाया जा सके।
समर्पित प्लेसमेंट सेल: जिला स्तर पर एक स्पेशल सेल बनेगी, जो नियमित रूप से जॉब फेयर (रोजगार मेले) और कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन करेगी।
सांसद ने जताया आभार
इस बड़ी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राज्यसभा सांसद आरपीएन सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कौशल विकास मंत्री जयंत चौधरी का आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि उनका सदैव प्रयास रहा है कि कुशीनगर की प्रतिभा को बाहर जाने के बजाय स्थानीय स्तर पर ही बेहतर मंच और अवसर मिलें।
रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल
Also Read: Kushinagar News: बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, जांच में 5 स्कूली वाहन मिले ‘अनफिट’

