UP रोडवेज में महिलाओं के लिए रोजगार का बड़ा मौका, 2584 कंडक्टरों की होगी भर्ती
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की महिलाओं के लिए रोजगार के क्षेत्र में बड़ी खुशखबरी सामने आई है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UP Roadways) की बसों में अब महिलाएं कंडक्टर यानी परिचालक के रूप में काम कर सकेंगी। निगम ने 2584 महिला कंडक्टरों की भर्ती करने की घोषणा की है, जिसके लिए तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं।
संविदा के आधार पर होगी भर्ती
इस भर्ती प्रक्रिया को संविदा के आधार पर पूरा किया जाएगा। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि चयनित महिला कंडक्टरों को उनके गृह जनपद स्थित डिपो में ही तैनाती दी जाएगी। इससे महिलाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार का अवसर मिलेगा और उन्हें बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
रोजगार मेलों के जरिए होगा चयन
महिला कंडक्टरों की भर्ती रोजगार मेलों के माध्यम से की जाएगी। इसके लिए जिला स्तर पर रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। 25 मार्च से इसकी शुरुआत हो रही है, जिसके तहत सहारनपुर, झांसी, कानपुर, चित्रकूट धाम, बांदा और प्रयागराज में मेले लगाए जाएंगे।
इसके बाद 28 मार्च को गाजियाबाद, बरेली, अलीगढ़, अयोध्या और वाराणसी में रोजगार मेले आयोजित होंगे। वहीं 30 मार्च को मेरठ, इटावा, हरदोई और आजमगढ़ में यह प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। इसके साथ ही 1 अप्रैल को नोएडा, आगरा, मुरादाबाद, लखनऊ और गोरखपुर में रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे।
12वीं पास महिलाओं को मिलेगा मौका
इस भर्ती के लिए 12वीं पास महिलाएं आवेदन कर सकती हैं। इसके साथ ही अभ्यर्थियों के पास अनिवार्य रूप से सीसीसी सर्टिफिकेट होना चाहिए। उम्मीदवारों का राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन या उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन से जुड़ा होना भी जरूरी है।
चयन पूरी तरह मेरिट के आधार पर किया जाएगा, जिसमें 12वीं के अंकों को आधार बनाया जाएगा। इसके अलावा NCC B सर्टिफिकेट, NSS, स्काउट गाइड सर्टिफिकेट और राष्ट्रपति पदक विजेताओं को 5 फीसदी अतिरिक्त वेटेज भी दिया जाएगा। इस भर्ती प्रक्रिया से प्रदेश की महिलाओं को बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद है।
Also Read: Hathras News: प्रोफेसर डॉ. रजनीश यौन शोषण के आरोप से बरी, कोर्ट ने सुनाया बड़ा फैसला

