Lucknow News: 15 हजार का इनामी गैंगस्टर हलीम गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच ने नींबू पार्क के पास दबोचा
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ की मड़ियांव पुलिस और अपराध शाखा (Crime Branch) की संयुक्त टीम ने मंगलवार को एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 15 हजार रुपये के इनामी और वांछित गैंगस्टर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए शातिर अपराधी पर लखनऊ के विभिन्न थानों में चोरी, लूट और समाज विरोधी गतिविधियों के दर्जनों मामले दर्ज हैं।
नींबू पार्क के पास हुई गिरफ्तारी
डीसीपी उत्तरी के निर्देशन में चलाई जा रही धरपकड़ मुहिम के तहत, पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि गैंगस्टर एक्ट में वांछित मो. हलीम (24 वर्ष) चौक थाना क्षेत्र के नींबू पार्क के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही मड़ियांव पुलिस और क्राइम ब्रांच ने घेराबंदी की और सोमवार रात करीब 9:10 बजे अभियुक्त को हिरासत में ले लिया।
रिक्शा चालक का भेष, शातिर अपराधी का दिमाग
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि हलीम मूल रूप से सीतापुर के महमूदाबाद का रहने वाला है और वर्तमान में ठाकुरगंज के सज्जादगंज में रह रहा था। पकड़े जाने से बचने के लिए वह रिक्शा चलाने का काम करता था, लेकिन इसकी आड़ में वह चोरी और गिरोहबंद गतिविधियों को अंजाम देता था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हलीम के खिलाफ लखनऊ के मड़ियांव, महानगर, गुडम्बा, जानकीपुरम और दुबग्गा थानों में चोरी और बीएनएस की गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा बाराबंकी के रामनगर थाने में भी उस पर आपराधिक मामला पंजीकृत है।
गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई
अभियुक्त मो. हलीम के विरुद्ध थाना मड़ियांव में यूपी गैंगस्टर एक्ट (मु.अ.सं. 654/25) के तहत मामला दर्ज था, जिसमें वह लंबे समय से फरार चल रहा था। फरार रहने के कारण ही उस पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस अब उसके गैंग के अन्य सदस्यों और उसके नेटवर्क के बारे में विस्तृत जानकारी जुटा रही है।

