‘अपने ही विभाग के डॉक्टर से आईसाइट चेक करा लें डिप्टी CM’, अखिलेश यादव ने क्यों कसा ये तंज?
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के करीब आते ही प्रदेश का सियासी पारा सातवें आसमान पर है। समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के बीच जुबानी जंग अब व्यक्तिगत कटाक्ष तक पहुंच गई है। गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने डिप्टी सीएम पर जोरदार हमला बोलते हुए उन्हें अपने ही स्वास्थ्य विभाग में ‘आंखें चेक कराने’ की सलाह दे डाली।
‘ब्रजेश पाठक को होश ही नहीं’: अखिलेश यादव
कानपुर के चर्चित किडनी कांड को लेकर सरकार को घेरते हुए अखिलेश यादव ने कहा पूरे किडनी रैकेट में भाजपा के लोग शामिल हैं, लेकिन स्वास्थ्य मंत्री को इसकी खबर तक नहीं है। “उन्हें सपा की रैलियां फ्लॉप दिखाई दे रही हैं। जिस विभाग के वे मंत्री हैं, कम से कम उसी विभाग के डॉक्टर से अपनी आईसाइट (नजर) तो चेक करा लेते, ताकि उन्हें जनता का भारी समर्थन साफ दिखाई दे सके।” अखिलेश ने गोरखपुर-देवरिया के नकली नोट प्रकरण पर भी चुटकी लेते हुए इसे ‘गोरखधंधा’ बताया और कहा कि भाजपा राज में नकली नोट अंदर और असली बाहर जा रहे हैं।
“सपा का PDA यानी परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी”: ब्रजेश पाठक
इससे पहले 29 मार्च को दादरी में हुई सपा की ‘भाईचारा रैली’ को लेकर ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा था। पाठक ने कहा कि 100 विधानसभाओं के कार्यकर्ता जुटाने के बाद भी कुर्सियां खाली रहीं। यह रैली पूरी तरह फ्लॉप रही। “जनता दंगों की आग, असुरक्षित बेटियों और लूट-अपहरण के उस ‘अंधकार युग’ को भूली नहीं है। अखिलेश यादव कितने भी रंग बदल लें, गुंडाराज और परिवारवाद का समय समाप्त हो चुका है।” डिप्टी सीएम ने तंज कसते हुए सपा के PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के नारे को ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ करार दिया।
मिशन 2027: दादरी से बदला मिजाज
अखिलेश यादव ने पलटवार करते हुए कहा कि दादरी की रैली में मिले जनसमर्थन ने भाजपा के होश उड़ा दिए हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में PDA की सरकार बनेगी और सामाजिक न्याय की स्थापना होगी। अखिलेश ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि “बीजेपी के बुरे दिन अब आने वाले हैं।”

