Lucknow News: दफ्तर में घुसकर प्रिंसिपल को मारी गोली, स्कूल में मचा हड़कंप

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के रहीमाबाद थाना क्षेत्र के जुगराजगंज गांव में गुरुवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक सिरफिरे युवक ने स्कूल परिसर के भीतर घुसकर प्रिंसिपल पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में प्रिंसिपल के पेट में गोली लगी है, जिन्हें गंभीर हालत में लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। घटना के वक्त स्कूल में करीब 150 छात्र मौजूद थे, जिनमें अफरा-तफरी मच गई।

दफ्तर में घुसकर असलहा लहराया, फिर दागी गोली

घटना दोपहर करीब 12 बजे की है। ‘प्रभावती पीवी शिक्षण संस्थान’ (कक्षा-8 तक संचालित) के प्रिंसिपल अनिल सिंह अपने दफ्तर में बैठे थे। चश्मदीदों के अनुसार, गांव का ही रहने वाला वेल्डिंग कारीगर विजय पाल कार से स्कूल पहुंचा। वह हाथ में अवैध असलहा लहराता हुआ सीधे प्रिंसिपल के केबिन में घुस गया। आरोपी को देखते ही अनिल सिंह अपनी जान बचाने के लिए अलमारी के पीछे छिपे, लेकिन आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए गोली चला दी। गोली अलमारी से टकराती हुई सीधे उनके पेट में जा धंसी।

दूसरा फायर करने की कोशिश, लोगों ने खदेड़ा

गोली की आवाज सुनकर स्कूल के शिक्षक और ग्रामीण मौके पर दौड़े। ग्रामीणों ने आरोपी विजय पाल को पकड़ने की कोशिश की, उस वक्त वह दूसरा फायर करने की फिराक में था। हालांकि, भीड़ बढ़ती देख आरोपी असलहे के बल पर लोगों को धमकाते हुए अपनी कार से फरार हो गया।

पुरानी रंजिश और पुलिसिया कार्रवाई

रहीमाबाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल प्रिंसिपल को पहले सीएचसी भेजा, जहाँ से उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। इंस्पेक्टर रहीमाबाद अरुण कुमार त्रिगुनायक ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश का लग रहा है। पुलिस ने आरोपी विजय पाल के खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) का केस दर्ज कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।

चीख-पुकार और दहशत में मासूम

गोलीबारी की इस घटना से स्कूल में पढ़ रहे करीब 150 बच्चों में भगदड़ मच गई। बच्चे चीखते-चिल्लाते स्कूल के बाहर भागने लगे। स्कूल के शिक्षकों— जगदीश कुमार, रमेश कुमार, कंचन, मानसी और अमित कुमार ने किसी तरह बच्चों को संभालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। अभिभावक भी बदहवास होकर स्कूल की ओर दौड़ पड़े।

Also Read: Lucknow News: कैंसर के खिलाफ SGPGI का ‘AI’ प्रहार, 3 अप्रैल से शुरू होगा नेशनल ब्रेस्ट कैंसर कोर्स

Get real time updates directly on you device, subscribe now.