केरल में गरजे पीएम मोदी, बोले- कांग्रेस चाहती है कि गल्फ देश भारत को दुश्मन मान लें
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को केरल के तिरुवल्ला में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और सत्ताधारी एलडीएफ (LDF) पर बड़ा हमला बोला। पीएम ने कांग्रेस पर बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह पार्टी अपनी राजनीति चमकाने के लिए विदेश में बसे भारतीयों की सुरक्षा को भी दांव पर लगा रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस जानबूझकर खाड़ी देशों (Gulf Countries) को नाराज करने वाले बयान दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चाहती है कि पश्चिम एशिया के देश भारत को अपना दुश्मन समझने लगें। वे चाहते हैं कि वहां से भारतीयों को बाहर निकाल दिया जाए ताकि देश में पैनिक फैले और उन्हें मोदी को गाली देने का मौका मिले। लेकिन मेरे लिए राजनीति से ऊपर केरल के लोगों की सुरक्षा है और मैं इसके लिए प्रतिबद्ध हूं।
कुशासन के अंत का काउंटडाउन शुरू
पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि 4 मई को केरल में दशकों से चले आ रहे कुशासन का अंत होगा। उन्होंने कहा, 9 अप्रैल को वोटिंग होगी और 4 मई को एलडीएफ सरकार की विदाई पक्की हो जाएगी। इस बार केरल में पहली बार भाजपा-एनडीए की सरकार बनने जा रही है। पीएम ने कहा कि केरल बरसों से इन दो पार्टियों के बीच फंसा हुआ है, जिन्होंने कभी जनता की परवाह नहीं की। अब जनता इन दोनों को बाहर का रास्ता दिखाएगी।
विकास की मोदी गारंटी
केरल की आर्थिक स्थिति और बुनियादी ढांचे पर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि ईश्वर ने इस प्रदेश को ब्लू इकोनॉमी और पर्यटन जैसी अपार संभावनाएं दी हैं, लेकिन मौजूदा सरकार की वजह से केरल पिछड़ गया है। पीएम ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने सबरीमाला रेलवे प्रोजेक्ट जैसी अहम योजनाओं को लटका कर रखा है, जिससे स्थानीय व्यापार और रोजगार का नुकसान हो रहा है। जब केरल में भाजपा की डबल इंजन सरकार आएगी, तो ये सभी रुकावटें खत्म होंगी, यह मोदी की गारंटी है।
ईसाई समाज और एनडीए का रिश्ता
पीएम मोदी ने पूर्वोत्तर राज्यों और गोवा का उदाहरण देते हुए कहा कि जहां ईसाई समाज निर्णायक भूमिका में है, वहां भाजपा-एनडीए की सरकारें बेहतरीन काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जो विकास पिछले 50-60 सालों में नहीं हुआ, वह एनडीए ने करके दिखाया है और यही मॉडल अब केरल में भी लागू होगा।
Also Read: IPL 2026: पैट कमिंस की वापसी में देरी, बीच टूर्नामेंट ऑस्ट्रेलिया लौटे SRH कप्तान

