ट्रंप की तबाही वाली धमकी के बीच ईरान के राष्ट्रपति का बड़ा ऐलान, 1.40 करोड़ ईरानी जान देने को हैं तैयार

Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य-पूर्व (मिडल ईस्ट) में बारूद की गंध और तेज हो गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान को दी गई तबाही की धमकी के कुछ ही घंटों पहले, ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने एक बेहद भावुक और आक्रामक रुख अपनाया है। राष्ट्रपति ने दावा किया है कि देश की रक्षा के लिए करोड़ों नागरिक अपनी कुर्बानी देने को तैयार हैं।

राष्ट्रपति पेजेश्कियान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक पोस्ट में लिखा कि अब तक 1 करोड़ 40 लाख (14 मिलियन) से ज्यादा जांबाज ईरानियों ने देश की हिफाजत के लिए अपने प्राणों की आहुति देने का संकल्प ले लिया है। उन्होंने आगे लिखा- मैंने भी ईरान के लिए अपनी जान कुर्बान की है, कर रहा हूँ और हमेशा करता रहूँगा।

इससे पहले ईरान के युवा मामलों के उपमंत्री अलीरेजा रहीमी ने युवाओं से अपील की थी कि वे देश के बिजली घरों और ऊर्जा संयंत्रों के बाहर मानव श्रृंखला (Human Chain) बनाएं, ताकि दुनिया को संदेश दिया जा सके कि सार्वजनिक ढांचों पर हमला करना एक युद्ध अपराध है।

इजरायल की ट्रेन वाली चेतावनी

दूसरी तरफ, इजरायली सेना (IDF) ने ईरान के भीतर अपने हमलों को और तेज करने के संकेत दिए हैं। मंगलवार को आईडीएफ ने एक असामान्य चेतावनी जारी करते हुए ईरानी नागरिकों से कहा कि वे अगले 12 घंटों तक ट्रेनों से सफर न करें और रेलवे पटरियों से दूर रहें। इजरायल का मानना है कि रेल मार्ग का इस्तेमाल सैन्य और आतंकी गतिविधियों के लिए किया जा रहा है। आईडीएफ ने साफ कहा- आपकी सुरक्षा के लिए अपील है कि आज रात 9 बजे तक पूरे देश में ट्रेन यात्रा से बचें।

पूरी दुनिया की नजरें अब अमेरिकी समय के अनुसार मंगलवार रात 8 बजे पर टिकी हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Hormuz) खोलने के लिए इसी समय तक का अल्टीमेटम दिया है। हालांकि, इजरायल की चेतावनी इस समय सीमा से करीब साढ़े छह घंटे पहले ही खत्म हो जाएगी, जिससे अंदेशा बढ़ गया है कि इजरायल बड़ा हमला कर सकता है।

Also Read: ‘कांशीराम के नाम, कांग्रेस का पैगाम’ सत्ता में आए तो देंगे ‘भारत रत्न’, बसपा के गढ़ में राहुल गांधी की एंट्री

Get real time updates directly on you device, subscribe now.