Lucknow News: मड़ियांव में 2 RMC प्लांट समेत 6 निर्माण सील, 40 बीघा अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में अवैध निर्माण और बिना नक्शा पास कराए कॉलोनी विकसित करने वाले भू-माफियाओं के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने शुक्रवार को बड़ी स्ट्राइक की है। एलडीए की टीम ने मड़ियांव और गोसाईंगंज क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए जहाँ एक ओर अवैध व्यावसायिक निर्माणों को सील किया, वहीं दूसरी ओर 40 बीघा में फैली अवैध प्लाटिंग को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया।
गोसाईंगंज: 40 बीघा की अवैध कॉलोनी ध्वस्त
प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह के नेतृत्व में न्यू जेल रोड पर बड़ी कार्रवाई की गई। ग्राम-शिवलर, गोसाईंगंज में अभिषेक सिंह व अन्य द्वारा लगभग 40 बीघा क्षेत्रफल में बिना ले-आउट स्वीकृत कराए अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। विहित न्यायालय के ध्वस्तीकरण आदेश के अनुपालन में एलडीए की प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर बाउंड्रीवॉल और सड़कों को ध्वस्त कर दिया।
मड़ियांव: अवैध रूप से चल रहे RMC प्लांट सील
प्रवर्तन जोन-4 के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार ने मड़ियांव और सैरपुर क्षेत्र में अभियान चलाकर अवैध व्यावसायिक गतिविधियों पर नकेल कसी।
गगन सिंह, मंजीत सिंह व अन्य: यादव चौराहे के पास 400 वर्गमीटर में संचालित आरएमसी (RMC) प्लांट को सील किया गया।
SIPL के पवन सिंह व अन्य: यादव चौराहे के पास ही 100 वर्गमीटर में संचालित एक अन्य आरएमसी प्लांट पर भी सीलिंग की कार्रवाई हुई।
अन्य व्यावसायिक निर्माण: मड़ियांव व सैरपुर में याकूब, देशराज अग्रवाल, शिवेन्द्र मिश्रा और गोपाल अग्रवाल द्वारा निर्मित किए जा रहे 04 अवैध व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स को भी एलडीए की टीम ने सील कर दिया।
प्राधिकरण की चेतावनी: बिना नक्शा पास कराए न करें निर्माण
एलडीए के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर के किसी भी हिस्से में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए किया गया निर्माण अवैध माना जाएगा। आने वाले दिनों में यह अभियान और भी तेज होगा, ताकि शहर के नियोजित विकास में कोई बाधा न आए।
Also Read: अखिलेश यादव ने बिहार के सीएम के भविष्य पर की बड़ी टिप्पणी, ममता की जीत का भरा दम

