गंगा में बीयर पार्टी पर अखिलेश यादव का तंज, बोले- भाजपा राज में टेंशन और मजबूरी में लोग पी रहे हैं बीयर और गांजा

Lucknow News: धर्म नगरी काशी में गंगा नदी के बीचों-बीच नाव पर बीयर पार्टी का वीडियो वायरल होने के बाद अब इस पर सियासत गरमा गई है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस घटना को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि बीजेपी के राज में लोग इतने तनाव और परेशानी में हैं कि अपनी मजबूरी दूर करने के लिए नशे का सहारा ले रहे हैं।

वाराणसी में हुई इस घटना पर जब पत्रकारों ने अखिलेश यादव से सवाल किया, तो उन्होंने अपने चिरपरिचित अंदाज में तंज कसा। अखिलेश ने कहा, इसमें नई बात क्या है? जब से भाजपा की सरकार आई है, तब से लोग बीयर ही पी रहे हैं। लोग टेंशन में हैं, भारी परेशानी में हैं। अब अपनी परेशानी दूर करने के लिए कोई बीयर पी रहा है तो कोई गांजा ले रहा है। क्या करें, यह उनकी मजबूरी है।

दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ जिसमें गंगा की लहरों पर कई नावें और बजरे नजर आ रहे हैं। एक नाव पर डीजे लगा था और तेज संगीत के बीच कुछ लोग बीयर पार्टी करते दिख रहे थे।

बताया जा रहा है कि अष्टमी के दिन नाविक समाज के लोग परंपरा के अनुसार अदलपुरा स्थित शीतला धाम बधावा ले जाते हैं। यह वीडियो उसी दौरान का है। मां गंगा निषादराज सेवा न्यास ने इस कृत्य की कड़ी निंदा की है और कहा है कि माझी समाज ऐसी हरकतों के खिलाफ है।

इफ्तार पार्टी का भी उठा मुद्दा

गंगा पर बीयर पार्टी के बहाने अखिलेश यादव ने कुछ समय पहले हुई इफ्तार पार्टी की कार्रवाई को लेकर भी पुलिस और प्रशासन को घेरा। वाराणसी में ही नाव पर इफ्तार पार्टी और चिकन बिरयानी परोसे जाने के बाद पुलिस ने 14 लोगों को गिरफ्तार किया था। सपा अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि क्या गंगा पर रोजा इफ्तार नहीं हो सकता? उन्होंने तंज कसते हुए कहा, डीएम, एसपी और एसओ को तो खुद इफ्तारी देनी चाहिए थी। शायद उन लोगों ने पुलिस की हथेली गरम नहीं की होगी, इसलिए उन पर कार्रवाई हो गई।

Also Read: इस्लामाबाद में आज अमेरिका और ईरान के बीच महाबैठक, सीजफायर को स्थायी बनाने पर होगी चर्चा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.