कैसरगंज: ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत अबुल्लापुर में उमड़ा जनसैलाब, मेधावी छात्र हुए सम्मानित
कैसरगंज/बहराइच: प्रदेश में शिक्षा की अलख जगाने के लिए शासन के निर्देशानुसार ‘स्कूल चलो अभियान’ को गति दी जा रही है। शनिवार को जरवल ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय अबुल्लापुर में भव्य रैली और मेधावी छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण परिषदीय विद्यालयों में मिलने वाली सुविधाओं के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करना रहा।
BSA ने दीप प्रज्वलित कर किया उद्घाटन
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) आशीष कुमार सिंह और विशिष्ट अतिथि बीईओ जरवल अरविंद बहादुर सिंह व बीईओ मीहीपुरवा अजीत सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान विद्यालय की मेधावी छात्र-छात्राओं ने अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसकी अतिथियों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

सम्मान से बढ़ाया बच्चों का हौसला
वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल, पुरस्कार और अंकपत्र देकर सम्मानित किया गया। नई कक्षा में प्रवेश लेने आए नन्हे-मुन्ने बच्चों का ‘टीका-चंदन’ लगाकर और उन पर ‘पुष्प वर्षा’ कर आत्मीय स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि ने विद्यालय परिसर में नीम का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
गांव-गांव गूंजा नारा: ‘आधी रोटी खाएंगे, स्कूल जरूर जाएंगे’
अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर ‘स्कूल चलो अभियान’ रैली को रवाना किया। रैली में शामिल बच्चों और शिक्षकों ने पूरे गाँव का भ्रमण किया। इस दौरान अभिभावकों को सरकारी स्कूलों में मिलने वाली निःशुल्क यूनिफॉर्म, किताबों, मिड-डे मील और डीबीटी के माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी गई और अधिक से अधिक नामांकन के लिए प्रेरित किया गया।
सरकारी स्कूलों में बढ़ रहा आत्मविश्वास: आशीष कुमार सिंह
बीएसए आशीष कुमार सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि परिषदीय विद्यालयों में ऐसे आयोजनों से बच्चों के भीतर आत्मविश्वास और रचनात्मकता बढ़ती है। उन्होंने शिक्षकों से घर-घर जाकर आउट ऑफ स्कूल बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की अपील की।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या सविता सिंह, एआरपी विनय शुक्ला, शिक्षक नेता आसिफ अली, संतोष अभिषेक श्रीवास्तव, विनय सिंह, गिरीश यादव, कल्पना मिश्रा, संतोष गुप्ता, मधुलिका वर्मा और शुभम सिंह सहित भारी संख्या में ग्रामीण व अभिभावक उपस्थित रहे।

