बिहार को इसी हफ्ते मिलेगा नया मुख्यमंत्री, बीजेपी ने शिवराज सिंह चौहान को सौंपी कमान

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत होने जा रही है। नीतीश कुमार के पद छोड़ने के बाद यह लगभग साफ हो गया है कि इस बार प्रदेश की कमान भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के हाथों में होगी। नई सरकार के गठन की हलचल के बीच बीजेपी ने मुख्यमंत्री के चुनाव के लिए अपनी प्रक्रिया तेज कर दी है।

शिवराज सिंह चौहान बने पर्यवेक्षक

बीजेपी के केंद्रीय संसदीय बोर्ड ने एक आधिकारिक पत्र जारी कर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को बिहार बीजेपी विधायक दल की बैठक के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। शिवराज सिंह चौहान जल्द ही पटना पहुंचकर विधायकों के साथ बैठक करेंगे और मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगाने की प्रक्रिया को पूरा करेंगे।

बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्री विजय कुमार चौधरी ने साफ संकेत दिए हैं कि नई सरकार के गठन की प्रक्रिया बहुत जल्द शुरू होने वाली है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, बीजेपी को मुख्यमंत्री के नाम की अनुशंसा करनी है। इसके बाद एनडीए विधायकों की एक साझा बैठक होगी, जिसमें विधायक दल का नेता चुना जाएगा। स्वाभाविक है कि बीजेपी की इसमें सबसे अहम भूमिका रहने वाली है।

सम्राट चौधरी की सक्रियता बढ़ी

इस बीच, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मुख्यमंत्री आवास पर आवाजाही और मुलाकातों का दौर भी तेज हो गया है। हालांकि, पार्टी इसे एक सामान्य प्रक्रिया बता रही है, लेकिन सियासी गलियारों में इसे नई कैबिनेट और नए मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर चल रही चर्चाओं से जोड़कर देखा जा रहा है।

Also Read: गुडम्बा पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट का वारंटी राम सिंह को किया गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.