‘आज़ाद समाज पार्टी में नहीं चलेगा परिवारवाद’, पिछड़ा वर्ग सम्मेलन में बोले चंद्रशेखर आजाद

Sandesh Wahak Digital Desk: आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने सोमवार को लखनऊ के अटल बिहारी साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर में ‘पिछड़ा वर्ग सम्मेलन’ को संबोधित किया। डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में चंद्रशेखर ने बहुजन समाज की एकजुटता और ओबीसी समाज के अधिकारों को लेकर हुंकार भरी।

महापुरुषों को पूजें नहीं, पढ़ें: चंद्रशेखर

भीड़ को अनुशासित रहने की नसीहत देते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि महापुरुषों को केवल पूजने से मुक्ति नहीं मिलेगी, बल्कि उन्हें पढ़ने से रास्ता मिलेगा। उन्होंने कहा “राष्ट्रपिता ज्योतिबा फुले और डॉ. आंबेडकर के विचारों को आत्मसात करें। जो लोग मुझसे प्यार करते हैं, वे इन महापुरुषों को जरूर पढ़ें, वरना आप आंदोलन की गहराई को नहीं समझ पाएंगे।” उन्होंने इस दौरान पूर्व प्रधानमंत्री वी.पी. सिंह के योगदान को भी सराहा।

‘आज़ाद समाज पार्टी’ में नो एंट्री फॉर परिवारवाद

चंद्रशेखर ने पार्टी कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि उनकी पार्टी में ‘परिवारवाद’ के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने मंच से घोषणा की पार्टी में वही आगे बढ़ेगा जो जमीन पर काम करेगा। तरक्की का आधार केवल मेहनत होगी, न कि किसी का सरनेम। हमारी सरकार बनने पर ओबीसी समाज की सभी जायज मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।

‘दूसरों को मुसलमान का नाम लेने पर लगता है करंट’

सांसद ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि लखनऊ में मुस्लिम समाज की समस्याओं पर कार्यक्रम करने से दूसरे दलों की नींद उड़ गई है। उन्होंने तंज कसा, “दूसरों को मुसलमान का नाम लेने पर करंट लगता है, क्योंकि अगर समस्याओं का समाधान हो गया तो बहुतों की राजनीति खत्म हो जाएगी।”

वर्ण व्यवस्था और शिक्षा पर जोर

बाबा साहेब के विचारों को दोहराते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि शिक्षा वह शेरनी का दूध है जो पियेगा वो दहाड़ेगा। उन्होंने पुरानी वर्ण व्यवस्था पर प्रहार करते हुए कहा कि आज जो लोग कुर्सियां धोए जाने के बाद भी खुद को ओबीसी कहते हैं, उन्हें जागरूक होने की जरूरत है। उन्होंने युवाओं से जातिवाद की बेड़ियों को तोड़कर शिक्षित और संगठित होने का आह्वान किया।

Also Read: नोएडा हिंसा: 14 मौतों का दावा निकला ‘फेक न्यूज़’, अफवाह फैलाने वाले कांग्रेस नेता समेत 2 पर FIR दर्ज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.