इंस्टाग्राम पर डाला सुसाइड नोट, 10 मिनट में पहुंची अंबेडकरनगर पुलिस और बचा ली फोटोग्राफर की जान

Ambedkarnagar News: उत्तर प्रदेश पुलिस और मेटा (Meta) कंपनी के बीच हुए सुरक्षा समझौते ने सोमवार की रात एक घर का चिराग बुझने से बचा लिया। अंबेडकरनगर के थाना अहिरौली क्षेत्र में एक 18 वर्षीय फोटोग्राफर ने जब फांसी के फंदे को गले लगाया, तब पुलिस के जांबाजों ने फरिश्ता बनकर उसे मौत के मुंह से बाहर खींच लिया।

इंस्टाग्राम पोस्ट से मिली डेथ वार्निंग

13 अप्रैल को रात्रि 11:02 बजे 18 वर्षीय फोटोग्राफर ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें लिखा था- आज फांसी लगा रहा हूँ, हार गया हूँ ख़ुद से। मेटा कंपनी ने तत्काल सुसाइडल अलर्ट के तहत यूपी पुलिस मुख्यालय (सोशल मीडिया सेंटर) को ई-मेल भेजा। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के निर्देश पर तत्काल मोबाइल नंबर ट्रेस कर लोकेशन अंबेडकरनगर पुलिस को भेजी गई।

लोकेशन मिलते ही थाना अहिरौली के उप-निरीक्षक पुलिस बल के साथ महज़ 10 मिनट के भीतर युवक के घर पहुंच गए। जब पुलिस कमरे में दाखिल हुई, तो युवक गले में फंदा डालकर पंखे से लटकने की कोशिश कर रहा था। छत की ऊंचाई अधिक होने के कारण वह संघर्ष कर रहा था, तभी पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया और सुरक्षित बचा लिया।

पूछताछ में युवक ने बताया कि उसका अपनी गर्लफ्रेंड से रोज़ झगड़ा होता था, जिससे वह गहरे अवसाद (Depression) में चला गया था। पुलिस ने न केवल उसकी जान बचाई, बल्कि उसकी काउंसलिंग भी की, जिसके बाद युवक ने भविष्य में ऐसी गलती न करने का वादा किया।

यूपी पुलिस की बड़ी उपलब्धि, अब तक 2498 जिंदगियां बचाईं

उत्तर प्रदेश पुलिस की यह पहल अब तक हजारों परिवारों को उजड़ने से बचा चुकी है। 1 जनवरी, 2023 से 10 अप्रैल, 2026 तक कुल 2498 लोगों की जान बचाई जा चुकी है। इस नवाचार के लिए यूपी पुलिस को प्रतिष्ठित SKOCH Award-2025 और The Economic Times GovTech Awards-2026 से नवाज़ा जा चुका है।

Also Read: कैसरगंज: सपा विधायक बोले- संविधान विरोधियों के सामने डटकर खड़े हैं अखिलेश के PDA प्रहरी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.