कैसरगंज: सपा विधायक बोले- संविधान विरोधियों के सामने डटकर खड़े हैं अखिलेश के PDA प्रहरी
कैसरगंज (बहराइच): डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर कैसरगंज विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न कस्बों और नगरों में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। समाजवादी पार्टी विधायक आनंद यादव ने क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर बाबा साहब को याद किया। उनके बताए ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के रास्ते को मजबूत करने का आह्वान किया।
रोड शो और केक काटकर मनाई खुशियां
जयंती के अवसर पर कुरसंडा, कोनारी, कड़सर, 11सो रेती और गोडहिया सहित कई स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित हुए। विधायक आनंद यादव ने डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान एक भव्य रोड शो भी निकाला गया और कार्यकर्ताओं के साथ केक काटकर खुशियाँ बांटी गईं। विधायक ने उपस्थित जनसमूह को बाबा साहेब के ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो’ के संकल्प को आत्मसात करने की शपथ दिलाई।

‘PDA’ को मजबूत करने पर जोर
विधायक आनंद यादव ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहेब द्वारा दिया गया संविधान शोषित, वंचित और पिछड़े समाज के लिए संजीवनी का काम कर रहा है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के ‘पीडीए’ फार्मूले को दोहराते हुए कहा “समाज के अंतिम व्यक्ति को न्याय दिलाने के लिए पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों को एकजुट होना होगा। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के ‘पीडीए प्रहरी’ संविधान की सुरक्षा के लिए विघटनकारी ताकतों के सामने चट्टान की तरह डटकर खड़े हैं।”

प्रमुख लोगों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि अभिषेक यादव देवा, लाल विक्रम, मुफीद प्रधान (कोनारी), अनस, सर्वेश यादव और अनुज सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय लोग और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी वक्ताओं ने डॉ. अंबेडकर के जीवन संघर्ष और उनके संवैधानिक योगदान को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
Also Read: Chhattisgarh News: वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर ब्लास्ट, 10 मजदूरों की मौत की खबर

