सम्राट चौधरी ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, भाजपा के हाथों में पहली बार बिहार की कमान
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार की सियासत में गुरुवार को एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया। भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता और प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली। पटना के लोकभवन में आयोजित एक भव्य समारोह में राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने उन्हें शपथ दिलाई। यह बिहार के इतिहास में पहला अवसर है जब भाजपा का कोई नेता मुख्यमंत्री की कुर्सी पर आसीन हुआ है।
दो डिप्टी सीएम के साथ नई सरकार
सत्ता के नए फॉर्मूले के तहत भाजपा और जनता दल (यूनाइटेड) का गठबंधन एक नए स्वरूप में सामने आया है।
मुख्यमंत्री: सम्राट चौधरी (भाजपा)
उपमुख्यमंत्री (डिप्टी सीएम): विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव (दोनों जेडीयू से)
नीतीश कुमार के इस्तीफे और उनके राज्यसभा जाने के फैसले के बाद, जेडीयू के इन दो अनुभवी चेहरों को सरकार में संतुलन बनाए रखने की जिम्मेदारी दी गई है। बिहार में यह बड़ा बदलाव नीतीश कुमार के करीब 20 वर्षों के शासन के अंत के बाद आया है।
सोमवार को नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से त्यागपत्र देकर सबको चौंका दिया था। भाजपा विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी को सर्वसम्मति से नेता चुना गया, जिसके बाद उन्होंने सरकार बनाने का दावा पेश किया। सम्राट चौधरी, जो अब तक अपनी आक्रामक राजनीति और मुरैठा (पगड़ी) की कसम के लिए चर्चित थे, अब सूबे के मुखिया के रूप में बिहार के विकास की कमान संभालेंगे।
लोकभवन के जर्मन हैंगर में आयोजित इस समारोह में भारी संख्या में कार्यकर्ता और दिग्गज नेता मौजूद रहे। शपथ ग्रहण के दौरान जय श्री राम और भारत माता की जय के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। समर्थकों ने इस दिन को बिहार के लिए ‘राजनीतिक आजादी’ का दिन बताया।
Also Read: फतेहगढ़ साहिब में खंभे से टकराकर पलटी श्रद्धालुओं की बस, करंट और टक्कर से 6 की मौत, 15 घायल

