Hardoi News: मासूम की हत्या का आरोपी मेहनूर उर्फ नूर मुठभेड़ में ढेर

Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले को दहला देने वाले सात वर्षीय मासूम की हत्या के आरोपी मेहनूर उर्फ नूर को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। बुधवार को मल्लावां थाना क्षेत्र में हुई इस भीषण मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश पुलिस की गोली लगने से मारा गया। इस साहसी कार्रवाई में एसओजी प्रभारी राजेश कुमार भी गोली लगने से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के अनुसार, यह मामला बीती 5 मई का है जब मटियामऊ गांव के पास एक मक्का के खेत में मासूम का क्षत-विक्षत शव मिला था। जांच में पता चला कि कन्नौज निवासी मेहनूर ने न केवल बच्चे का अपहरण किया, बल्कि उसके साथ कुकर्म जैसी घिनौनी वारदात को भी अंजाम दिया। अपनी पहचान छिपने के डर से उसने मासूम की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस को भ्रमित करने के लिए आरोपी चोरी के सिम कार्ड से परिजनों को फोन कर फिरौती की मांग करता रहा ताकि मामला केवल अपहरण का लगे।

मुखबिर की सूचना पर जब पुलिस ने घेराबंदी की, तो आरोपी ने सरेंडर करने के बजाय फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हुआ और जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मौके से पुलिस ने एक पिस्टल, एक तमंचा, भारी मात्रा में कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

बाबा से 20 रुपये लेकर मेले गया था मासूम

मृतक मासूम यूकेजी का छात्र था और अपने सात भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। घटना वाले दिन वह शाम को अपने बाबा से 20 रुपये लेकर घर के पास लगे उर्स के मेले में घूमने गया था, जहाँ से वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। इस घटना के बाद से ही पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश था।

Also Read: बंगाल में चुनावी नतीजों के बाद हिंसा पर मुख्य चुनाव आयुक्त सख्त, उपद्रवियों को देखते ही गिरफ्तार करने के आदेश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.