ममता के समर्थन में उतरे अखिलेश यादव, बंगाल मतगणना की लाइव फुटेज दिखाने की मांग

Lucknow News: पश्चिम बंगाल चुनाव परिणामों के बाद मचे सियासी घमासान में अब सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी कूद पड़े हैं। ममता बनर्जी का बचाव करते हुए अखिलेश यादव ने मतगणना प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से अपील की कि बंगाल चुनाव की मतगणना की सीसीटीवी फुटेज को सार्वजनिक कर पूरे देश के लिए लाइव उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने घोषणा की कि वे ममता बनर्जी को अपना नैतिक समर्थन देने के लिए जल्द ही बंगाल का दौरा करेंगे।

वोट काटने और धांधली के आरोप

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि बंगाल में सॉफ्टवेयर इंटरवेंशन (SIR) के जरिए रणनीतिक रूप से वोट काटे गए, जिससे भाजपा को उन सीटों पर 20,000 से अधिक मतों से जीत मिली। उन्होंने कहा, भाजपा का यह दस नंबरी मॉडल लोकतंत्र को जकड़ रहा है। जो चुनाव हार रहे हैं, उनके कार्यालय जलाए जा रहे हैं। यह तस्वीर पूरी दुनिया देख रही है। उन्होंने आगे कहा कि बंगाल के इस अनुभव का इस्तेमाल वे 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में करेंगे।

आई-पैक और फंड की कमी पर सफाई

हाल ही में चुनावी रणनीतिकार संस्था आई-पैक से करार रद्द होने पर अखिलेश ने कहा कि कंपनी ने कुछ दिन काम किया, लेकिन अब पार्टी के पास पर्याप्त फंड नहीं है। उन्होंने एक अन्य कंपनी पर सरकार के साथ मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि सूचना विभाग के बजट का 90 प्रतिशत हिस्सा उसी कंपनी को जा रहा है। चुनाव आयोग पर तंज कसते हुए उन्होंने उसे ‘सोनपापड़ी’ करार दिया, जो केवल झूठ परोसने का काम कर रहा है।

यूपी चुनाव और भगवान राम का जिक्र

बीजेपी पर हमला जारी रखते हुए अखिलेश ने कहा कि 2024 के उपचुनावों में आंकड़ों का खेल संदिग्ध था। उन्होंने अयोध्या का जिक्र करते हुए कहा कि प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद समाजवादी पार्टी के साथ है, क्योंकि भाजपा ने राम के नाम पर गरीबों की जमीनें छीनीं और उनके साथ अन्याय किया। उन्होंने दावा किया कि 2027 में यूपी की जनता भाजपा को उखाड़ फेंकेगी और सपा की सरकार बनाएगी।

Also Read: संकट के समय में एक-दूसरे का सहयोग करना ही सबसे बड़ा धर्म: मौलाना नूरुल हुदा कासमी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.