भगवंत मान के ओएसडी के करीबी पर ED की दबिश, बिल्डिंग से नीचे फेंके गए नकदी भरे बैग बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार को पंजाब के राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी। मुख्यमंत्री भगवंत मान के ओएसडी (OSD) राजबीर घुमन के करीबी सहयोगी नितिन गोहल और कई बिल्डरों के ठिकानों पर मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA) के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। इस दौरान खरड़ की एक आवासीय सोसायटी में फिल्मी अंदाज में नकदी छिपाने की कोशिश भी देखने को मिली।

9वीं मंजिल से नीचे फेंके 20 लाख रुपये

जांच के दौरान सबसे चौंकाने वाली घटना खरड़ स्थित ‘वेस्टर्न टावर्स’ में हुई। जब ईडी की टीम ने फ्लैट नंबर 906 का दरवाजा खटखटाया, तो अंदर मौजूद लोगों ने पकड़े जाने के डर से लगभग 20 लाख रुपये से भरे दो बैग नौवीं मंजिल से नीचे फेंक दिए। अधिकारियों ने तुरंत नीचे जाकर इन बैगों को अपने कब्जे में लिया और जमीन पर बिखरे नोटों के बंडलों को इकट्ठा किया।

यह छापेमारी सनटेक सिटी प्रोजेक्ट से जुड़ी धोखाधड़ी के सिलसिले में की गई है। ईडी की टीमें मोहाली, चंडीगढ़ और एसएएस नगर सहित कुल 12 स्थानों पर तलाशी ले रही हैं। मुख्य आरोप इस प्रकार हैं।

बिल्डरों पर धोखाधड़ी: एबीएस टाउनशिप्स, एटलस बिल्डर्स और धीर कंस्ट्रक्शंस पर आरोप है कि उन्होंने GMADA (गमाडा) से सीएलयू (CLU) लाइसेंस लेने में जालसाजी की।

जनता से ठगी: इन बिल्डरों ने फर्जीवाड़े के जरिए आम जनता से सैकड़ों करोड़ रुपये ठगे हैं।

राजनीतिक सांठगांठ: मुख्यमंत्री के ओएसडी के करीबी नितिन गोहल पर आरोप है कि वह बिल्डरों को राजनीतिक संरक्षण दिला रहे थे और गमाडा की फीस चोरी करने में उनकी मदद कर रहे थे। गोहल पर पंजाब सीएमओ की ओर से एक संपर्क अधिकारी के रूप में बिचौलिए की भूमिका निभाने का संदेह है।

Also Read: ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ: भारत ने घर में घुसकर लिया था पहलगाम नरसंहार का बदला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.