Lucknow News: पार्टी के बहाने बुलाकर युवक की हत्या, 24 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार

Lucknow News: राजधानी के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में हुई एक सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को पुलिस और सर्विलांस टीम ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में कमल सिंह यादव उर्फ टिंकू और संतोष कुमार यादव नामक दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से हत्या में प्रयुक्त अवैध तमंचा, कारतूस और मृतक के दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

Lucknow News: पार्टी के बहाने बुलाकर युवक की हत्या, 24 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार

हत्या की साजिश और घटनाक्रम

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक सचिन यादव, संतोष की गुमटी (दुकान) से सामान लेकर पैसे नहीं देता था और ग्राहकों को भी भड़काता था, जिससे परेशान होकर संतोष को अपनी दुकान बंद करनी पड़ी थी। इसी रंजिश के चलते कमल और संतोष ने सचिन को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया।

जानकारी के मुताबिक, 3 मई को आरोपियों ने सचिन को शराब और मुर्गा पार्टी के लिए बुलाया और उसे साजिश के तहत अधिक शराब पिला दी। जब सचिन नशे में धुत हो गया, तो आरोपी उसे अवध विहार योजना सेक्टर-08 के खाली मैदान में ले गए। वहां कमल ने अवैध तमंचे से सचिन की कनपट्टी पर गोली मार दी। हत्या के बाद आरोपी सचिन के दोनों मोबाइल लेकर भाग निकले और तमंचे को सूखी पत्तियों के नीचे छिपा दिया।

6 मई 2026 को मृतक के भाई जितेंद्र कुमार यादव की तहरीर पर मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस की 4 टीमें और सर्विलांस सेल सक्रिय हुई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपियों को सेक्टर-8 अवध विहार योजना से हिरासत में लिया। पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल .315 बोर का तमंचा और सचिन के मोबाइल बरामद कर लिए हैं। आरोपी कमल सिंह यादव (37 वर्ष) देवामऊ, लखनऊ और संतोष कुमार यादव (40 वर्ष) धावाहार, लखनऊ के रहने वाले हैं।

Also Read: अमेरिकी सेना ने ईरानी तेल टैंकर को किया निष्क्रिय, होर्मुज जलडमरूमध्य में नाकाबंदी सख्त

Get real time updates directly on you device, subscribe now.