कोडीन कफ सिरप का आरोपी शुभम सिंह ने कोर्ट में किया सरेंडर

Ghazipur News: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में कोडीन युक्त कफ सिरप के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस के सख्त एक्शन जारी है। संपत्ति कुर्की की कार्रवाई से बचने के लिए इस गिरोह के एक और शातिर आरोपी शुभम सिंह ने गुरुवार को एडीजे प्रथम शक्ति सिंह की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस प्रशासन की ओर से आरोपियों की संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया तेज किए जाने के बाद से ही आरोपी दबाव में थे।

विशेष लोक अभियोजक रत्नाकर दुबे ने मीडिया को जानकारी दी कि आरोपी शुभम सिंह ने कानूनी शिकंजा कसता देख कोर्ट का रुख किया। इससे पहले गिरोह के दो अन्य सदस्य राहुल यादव और दयाराम सिंह भी आत्मसमर्पण कर चुके हैं। इन सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है। गिरोह के पास बरामद नशीली सिरप के स्टॉक का कोई भी वैध दस्तावेज नहीं मिला था, जिससे बड़े स्तर पर नशे के सिंडिकेट का खुलासा हुआ।

दो आरोपी अब भी फरार, पुलिस ने तेज की तलाश

गाजीपुर कोतवाली में दर्ज इस मामले में कुल छह आरोपियों को नामजद किया गया था। इनमें से सर्वांश वर्मा पहले से ही जेल की सलाखों के पीछे है, जबकि शुभम के सरेंडर के बाद अब दो मुख्य आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। फरार आरोपियों के घरों पर नियमानुसार कुर्की के नोटिस चस्पा कर दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि यदि शेष आरोपी जल्द हाजिर नहीं होते हैं, तो उनकी चल-अचल संपत्ति को जब्त करने की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।

Also Read: सीजीएसटी दफ्तर में CBI का छापा, रिश्वत लेते अधीक्षक और कंप्यूटर ऑपरेटर गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.