सीजीएसटी दफ्तर में CBI का छापा, रिश्वत लेते अधीक्षक और कंप्यूटर ऑपरेटर गिरफ्तार
Meerut News: केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने उत्तर प्रदेश के मेरठ में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई की टीम ने सीजीएसटी (CGST) विभाग के एक अधीक्षक और एक कंप्यूटर ऑपरेटर को रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार किया है। यह पूरी कार्रवाई एक सुनियोजित जाल बिछाकर की गई, जिसमें आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा गया। फिलहाल, सीबीआई दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच में जुट गई है।
6 हजार रुपये के लिए फंसे अधिकारी
सीबीआई की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पूरा मामला एक शो-कॉज नोटिस से जुड़ा है। आरोप है कि सीजीएसटी अधीक्षक ने एक शिकायतकर्ता को नोटिस जारी किया था। इस नोटिस को फाइल से हटाने और मामला रफा-दफा करने के बदले कंप्यूटर ऑपरेटर ने अधीक्षक की ओर से 6 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना सीबीआई को दी, जिसके बाद 6 मई, 2026 को आधिकारिक मामला दर्ज किया गया।
सीबीआई ने शिकायत की पुष्टि करने के बाद जाल बिछाया। जैसे ही कंप्यूटर ऑपरेटर ने अधीक्षक के लिए रिश्वत की रकम ली, सीबीआई की टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। जांच एजेंसी का स्पष्ट कहना है कि कंप्यूटर ऑपरेटर केवल जरिया था, जबकि रिश्वत की यह रकम अधीक्षक के निर्देश पर ही वसूली जा रही थी। सीबीआई अब इस मामले में अन्य संपर्कों और पुराने रिकॉर्ड्स की भी पड़ताल कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या इस सिंडिकेट में अन्य लोग भी शामिल हैं।
Also Read: Ayodhya News: जन्मदिन की खुशियाँ मातम में बदलीं, सरयू में नहाते समय बस्ती के तीन युवक लापता

