Jaunpur News: बलिया का 50 हजार ईनामी गौ-तस्कर अंकुश यादव गिरफ्तार

Jaunpur News: उत्तर प्रदेश एसटीएफ (STF) के हाथ एक बड़ी सफलता लगी है। बलिया पुलिस की ओर से घोषित 50,000 रुपये के ईनामी अपराधी अंकुश यादव उर्फ बन्टी को एसटीएफ की टीम ने जौनपुर के शाहगंज इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया अभियुक्त पशु क्रूरता और गौवध निवारण अधिनियम के तहत बलिया के बैरिया थाने में वांछित था और काफी समय से फरार चल रहा था।

रामलीला मैदान के पास से हुई गिरफ्तारी

एसटीएफ के पुलिस उपाधीक्षक प्रमेश कुमार शुक्ला के पर्यवेक्षण में गठित टीम जौनपुर में सूचना संकलन में जुटी थी। इसी दौरान उप-निरीक्षक जावेद आलम सिद्दीकी की टीम को सूचना मिली कि 50,000 का ईनामी अंकुश यादव शाहगंज के रामलीला मैदान गेट के पास मौजूद है। एसटीएफ ने तत्काल घेराबंदी की और बुधवार शाम करीब 4:30 बजे उसे धर दबोचा।

पूछताछ में अंकुश यादव ने कुबूल किया कि उसके पास यूपी 60 टी 4050 नंबर का एक ट्रक है। दिसंबर 2025 में बलिया पुलिस ने इसी ट्रक से भारी मात्रा में पशुओं को बरामद किया था। उस दौरान मौके से गिरफ्तार हुए अन्य आरोपियों ने अंकुश के नाम का खुलासा किया था, जिसके बाद से वह फरार था। बलिया पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

गिरफ्तार आरोपी अंकुश यादव आजमगढ़ के दीदारगंज का रहने वाला है और उस पर पहले भी मारपीट, धमकी और गंभीर चोट पहुँचाने जैसे मामले दर्ज हैं। एसटीएफ ने आरोपी को बलिया की बैरिया पुलिस के सुपुर्द कर दिया है, जहाँ उसके खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Also Read: कोडीन कफ सिरप का आरोपी शुभम सिंह ने कोर्ट में किया सरेंडर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.