टीम इंडिया के सपोर्ट स्टाफ में हो सकता है बड़ा बदलाव, गौतम गंभीर ने BCCI से की सिफारिश
Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय क्रिकेट टीम के सपोर्ट स्टाफ में जल्द अहम बदलाव देखने को मिल सकता है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) से स्पेशलिस्ट स्पिन बॉलिंग कोच की नियुक्ति की सिफारिश की है।
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, गंभीर ने इस भूमिका के लिए पूर्व भारतीय स्पिनर साईराज बहुतुले का नाम आगे बढ़ाया है।
यदि बीसीसीआई से मंजूरी मिलती है, तो यह पहली बार होगा जब टीम इंडिया में स्पिन गेंदबाजी के लिए अलग से विशेषज्ञ कोच नियुक्त किया जाएगा।
क्यों जरूरी समझी जा रही है स्पिन कोच की नियुक्ति
फिलहाल टीम इंडिया के सपोर्ट स्टाफ में मोर्ने मोर्केल तेज गेंदबाजी कोच और सितांशु कोटक बल्लेबाजी कोच की भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन स्पिन गेंदबाजी के लिए कोई अलग विशेषज्ञ कोच मौजूद नहीं है।
गंभीर का मानना है कि हाल के वर्षों में भारतीय स्पिनरों का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा है। कभी दुनिया की सबसे मजबूत मानी जाने वाली भारतीय स्पिन गेंदबाजी हाल के समय में घरेलू हालात में भी दबाव में दिखी है।
2024 में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने भारत को घरेलू टेस्ट सीरीज में हराकर इतिहास रच दिया था। इसके बाद साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम ने भी भारत में टेस्ट सीरीज जीतकर भारतीय स्पिन विभाग की कमजोरियों को उजागर किया।

साईराज बहुतुले का अनुभव
साईराज बहुतुले ने भारत के लिए 2 टेस्ट और 8 वनडे इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं। अंतरराष्ट्रीय करियर भले ही छोटा रहा हो, लेकिन घरेलू क्रिकेट और कोचिंग के क्षेत्र में उनकी साख मजबूत मानी जाती है।
वह लंबे समय तक बीसीसीआई के नेशनल क्रिकेट अकादमी (NCA) सिस्टम से जुड़े रहे हैं और कई रणजी टीमों के साथ काम कर चुके हैं।
आईपीएल में भी वह विभिन्न फ्रेंचाइजी के साथ काम कर चुके हैं और फिलहाल पंजाब किंग्स के स्पिन बॉलिंग कोच हैं।
पूर्व हेड कोच राहुल द्रविड़ भी उनकी कोचिंग से प्रभावित रहे हैं और बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2023 के दौरान उन्हें टीम इंडिया के साथ जोड़ने की सिफारिश कर चुके हैं।
सूत्रों के मुताबिक इस मुद्दे पर गौतम गंभीर, साईराज बहुतुले और बीसीसीआई अधिकारियों के बीच शुरुआती बातचीत हो चुकी है।
हालांकि, उनकी संभावित नियुक्ति पंजाब किंग्स के साथ मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट और आईपीएल 2026 अभियान पर निर्भर करेगी।
अगर बहुतुले को स्पिन बॉलिंग कोच बनाया जाता है, तो यह भारतीय क्रिकेट में बढ़ती स्पेशलाइजेशन की दिशा में एक बड़ा और अहम कदम माना जाएगा।
Also Read: MS धोनी बने बिहार-झारखंड के सबसे बड़े व्यक्तिगत टैक्सपेयर, आयकर विभाग का खुलासा

