बंगाल में शुभेंदु युग का आगाज, ब्रिगेड परेड ग्राउंड में ली मुख्यमंत्री पद की शपथ
Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल की राजनीति में शनिवार को एक नया इतिहास रचा गया। भाजपा के कद्दावर नेता शुभेंदु अधिकारी ने ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित एक भव्य समारोह में पश्चिम बंगाल के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली। राज्यपाल आर.एन. रवि ने उन्हें शपथ दिलाई। शुभेंदु अधिकारी के साथ ही दिलीप घोष, अग्निमित्रा पाल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टुडू और निषिथ प्रमाणिक ने भी मंत्री पद की शपथ ग्रहण की।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को गृह मंत्री अमित शाह ने आधिकारिक तौर पर शुभेंदु के नाम की घोषणा की थी, जो आजादी के बाद बंगाल में पहली बार ‘कमल’ खिलने और भाजपा सरकार की स्थापना का प्रतीक है।
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करने पर आदरणीय श्री @SuvenduWB जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ।
माननीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के मार्गदर्शन एवं आपके नेतृत्व में बंगाल की भाजपा सरकार प्रदेश में विकास, सुरक्षा और समृद्धि का एक नया अध्याय लिखेगी। pic.twitter.com/FncPTOmFKh
— Sambit Patra (@sambitswaraj) May 9, 2026
ममता को दी करारी शिकस्त
शुभेंदु अधिकारी ने इस चुनाव में अपनी राजनीतिक ताकत का लोहा मनवाते हुए दो विधानसभा क्षेत्रों नंदीग्राम और भवानीपुर से चुनाव लड़ा और दोनों ही सीटों पर शानदार जीत दर्ज की। दक्षिण कोलकाता की इस हाई-प्रोफाइल सीट पर शुभेंदु ने तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को 15,000 से अधिक मतों के अंतर से हराकर उन्हें सत्ता से बाहर कर दिया। अपने गृह नगर नंदीग्राम में भी उन्होंने अपनी पकड़ बरकरार रखी।
यह दूसरी बार है जब शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को चुनावी मैदान में सीधे पराजित किया है। इससे पहले 2021 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने नंदीग्राम में बनर्जी को हराया था। 2026 के इन चुनावों में मिली प्रचंड जीत ने न केवल राज्य से टीएमसी के शासन को खत्म किया है, बल्कि शुभेंदु अधिकारी को भाजपा के निर्विवाद नेता के रूप में स्थापित कर दिया है। अब उनके नेतृत्व में बंगाल में विकास और सुशासन के एक नए दौर की उम्मीद जताई जा रही है।

