Lucknow News: ट्रेन पर चढ़कर नारेबाजी करना पड़ा भारी, विधायक पल्लवी पटेल पर FIR दर्ज
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के सिराथू से अपना दल (कामेरावादी) की विधायक डॉ. पल्लवी पटेल के खिलाफ चारबाग रेलवे स्टेशन पर अनाधिकृत रूप से प्रवेश कर प्रदर्शन करने के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है।
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने विधायक समेत करीब 350 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ रेलवे एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
मामला शनिवार दोपहर का है, जब डॉ. पल्लवी पटेल के नेतृत्व में अपना दल (कामेरावादी) के कार्यकर्ता ‘यूजीसी इक्विटी रेगुलेशन 2026’ को तत्काल लागू करने की मांग को लेकर चारबाग रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में प्रदर्शन कर रहे थे।
दोपहर करीब 1:16 बजे प्रदर्शनकारियों का एक जत्था अचानक दौड़ते हुए एस्केलेटर के पास बने गेट से प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर अनधिकृत रूप से दाखिल हो गया।
ट्रेन और इंजन पर चढ़कर नारेबाजी
आरोप है कि विधायक पल्लवी पटेल अपने समर्थकों के साथ प्लेटफॉर्म नंबर-1 और 2 के बीच खड़ी निरीक्षण यान (परख डीपीसी) पर चढ़ गईं और नारेबाजी करने लगीं।

इस दौरान स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
भारी सुरक्षा बल ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद आरपीएफ निरीक्षक भूपेंद्र सिंह, जीआरपी और सिविल पुलिस बल ने हस्तक्षेप किया। काफी मशक्कत के बाद दोपहर करीब 1:25 बजे विधायक और उनके समर्थकों को स्टेशन परिसर से बाहर निकाला गया।
पुलिस का कहना है कि उस समय कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए तत्काल गिरफ्तारी संभव नहीं थी, लेकिन उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर बाद में मुकदमा दर्ज किया गया।
इन धाराओं में दर्ज हुआ केस
आरपीएफ ने इस पूरे घटनाक्रम को रेलवे सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था के लिए गंभीर बताते हुए रेलवे एक्ट की धारा 147 (रेलवे परिसर में अनधिकृत प्रवेश), धारा 145 (सार्वजनिक स्थान पर उपद्रव) और धारा 156 (ट्रेन की छत, इंजन या पायदान पर चढ़कर यात्रा या प्रदर्शन करना) के तहत एफआईआर दर्ज की है।
डॉ. पल्लवी पटेल का यह प्रदर्शन केंद्र सरकार की शिक्षा नीतियों के विरोध के रूप में देखा जा रहा है, लेकिन रेलवे स्टेशन जैसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थल पर इस तरह के प्रदर्शन ने सुरक्षा व्यवस्था और यात्रियों की सुविधा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मामले को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
Also Read: Lucknow News: पुलिस चौकी के पास भाजपा नेता को मारी गोली, हालत गंभीर

