Lucknow News: पुलिस चौकी के पास भाजपा नेता को मारी गोली, हालत गंभीर
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के बाजारखाला इलाके में शनिवार रात बेखौफ बदमाशों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। टिकैतराय तालाब पुलिस चौकी से महज कुछ ही दूरी पर दबंगों ने भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नेता महाराज चेतन तिवारी उर्फ श्याम चेतन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। तीन राउंड फायरिंग में एक गोली चेतन की कमर में लगी, जिसके बाद वे लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। पुलिस ने उन्हें गंभीर हालत में केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है।
राजगीरों से काम कराते समय हुआ हमला
मेहंदीगंज निवासी सुरेश चंद्र तिवारी के बेटे श्याम चेतन शनिवार रात अपने घर के सामने निर्माण कार्य करवा रहे थे। वे राजगीरों से ईंटें रखवा रहे थे, तभी मोहल्ले का ही निवासी वैभव बाजपेई अपने साथी के साथ वहां पहुंचा। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश और पोस्टर लगाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते आरोपियों ने असलहा निकालकर फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर पहुंच गए और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हंगामा करने लगे। स्थिति को बिगड़ते देख डीसीपी पश्चिम कमलेश दीक्षित समेत कई थानों की फोर्स को तैनात किया गया।
बाजारखाला पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामले में एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार मुख्य आरोपी और उसके साथियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
Also Read: आंवला में महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती पर निकाली गई भव्य शौर्य यात्रा

