SDPI के चुनावी सम्मेलन में गूँजा सत्ता विकल्प का नारा, राष्ट्रीय अध्यक्ष एमके फैजी ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र
Lucknow News: सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई), उत्तर प्रदेश द्वारा गुरुवार को लखनऊ के एक होटल में महत्वपूर्ण चुनावी सम्मेलन (इलेक्शन कॉन्क्लेव) का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में राज्यभर से पार्टी के पदाधिकारी, समिति सदस्य और जमीनी स्तर के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए, जहाँ आगामी चुनावों को लेकर रणनीति और संगठनात्मक मजबूती पर व्यापक चर्चा की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष निजामुद्दीन खान ने की। अपने उद्घाटन संबोधन में उन्होंने संगठनात्मक एकता, कार्यकर्ताओं के अनुशासन और बूथ स्तर की तैयारी के महत्व पर जोर देते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से वंचित और उपेक्षित वर्गों तक अपनी पहुँच मजबूत करने का आह्वान किया।

संगठनात्मक एकता और बूथ स्तर की तैयारी पर जोर
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राष्ट्रीय अध्यक्ष एमके फैजी ने अपने विस्तृत संबोधन में देश के वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों के संदर्भ में पार्टी की चुनावी तैयारियों और रणनीतियों को विस्तार से रखते हुए संगठित प्रयास, डेटा-आधारित प्रचार और जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि एसडीपीआई का उद्देश्य संविधान की रक्षा, लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करना और आम जनता के अधिकारों, सम्मान एवं विकास को सुनिश्चित करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के मुद्दों के साथ जुड़ने, जमीनी स्तर पर सहयोग बढ़ाने और एसडीपीआई को एक सशक्त एवं विश्वसनीय राजनीतिक विकल्प के रूप में प्रस्तुत करने का आह्वान किया।
सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुहम्मद शफी ने अपने संबोधन में राजनीतिक जागरूकता, मतदाता संपर्क और जनसंवाद की निरंतरता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कार्यकर्ताओं को स्थानीय मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने और जनता के साथ विश्वास का संबंध मजबूत करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम में राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अब्दुल सत्तार, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अब्दुल मुईद और यंग डेमोक्रेट्स की राष्टीय संयोजक एडवोकेट रेणु देवी सिंह भी उपस्थित रहे हैं। उन्होंने संगठन की मजबूती, संसाधन प्रबंधन और चुनावी तैयारियों को लेकर अपने विचार साझा किए तथा पार्टी के विभिन्न स्तरों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस सम्मेलन में ब्रांच, विधानसभा और जिला स्तर के समिति सदस्यों एवं नेताओं ने प्रतिनिधि के रूप में सक्रिय भागीदारी की। विभिन्न सत्रों में बूथ प्रबंधन, मतदाता संपर्क अभियान, मीडिया रणनीति और प्रदेश भर में पार्टी के विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई हैं।
कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन के लिए संगठन को और अधिक मजबूत करेंगे तथा लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक सिद्धांतों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महासचिव मुहम्मद नदीम, स्वागत प्रदेश उपाध्यक्ष हारून साहिल एवं समापन प्रदेश सचिव फुर कान अहमद ने किया व इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य साहिबे आलम, मोहम्मद रियाज, दिलशाद अहमद आदि पदाधिकारियों की उपस्थिति सराहनीय राही।
Also Read: Lucknow News: ट्रेन पर चढ़कर नारेबाजी करना पड़ा भारी, विधायक पल्लवी पटेल पर FIR दर्ज

