मुख्यमंत्री बनते ही थलापति विजय ने 200 यूनिट मुफ्त बिजली और महिला सुरक्षा बल को दी मंजूरी

Sandesh Wahak Digital Desk: तमिलनाडु की राजनीति में एक नए युग का आगाज करते हुए तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) प्रमुख सी. जोसेफ विजय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। कार्यभार संभालते ही विजय ने जनता से किए अपने वादों पर अमल शुरू कर दिया। उन्होंने सबसे पहले दो महत्वपूर्ण फाइलों पर हस्ताक्षर किए- पहली, राज्य के नागरिकों को 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने का प्रावधान और दूसरी, महिलाओं की सुरक्षा के लिए एक विशेष बल (Special Force) का गठन। शपथ ग्रहण के बाद विजय ने स्पष्ट किया कि वे किसी शाही खानदान से नहीं आते, फिर भी जनता ने उन्हें जो प्यार और जिम्मेदारी दी है, वह अतुलनीय है।

वास्तविक धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय का वादा

जवाहरलाल नेहरू इनडोर स्टेडियम में जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विजय ने घोषणा की कि राज्य में अब वास्तविक धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय पर आधारित शासन चलेगा। उन्होंने एक कड़ा राजनीतिक संदेश देते हुए कहा कि उनकी सरकार में सत्ता का कोई दूसरा केंद्र नहीं होगा, बल्कि वे खुद शासन की पूरी जिम्मेदारी संभालेंगे। विजय ने गठबंधन के सहयोगियों कांग्रेस, वीसीके, आईयूएमएल और वाम दलों का आभार व्यक्त किया। दिलचस्प बात यह रही कि उन्होंने अपनी जीत का श्रेय बच्चों को देते हुए कहा कि नन्हे समर्थकों ने ही अपने परिवारों को TVK के पक्ष में वोट देने के लिए प्रेरित किया।

पीएम मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को विजय को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में नई पारी शुरू करने पर बधाई दी। पीएम ने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार तमिलनाडु के लोगों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने और विकास कार्यों को गति देने के लिए राज्य सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेगी।

Also Read: पाकिस्तान को मिला नया टेस्ट स्टार, डेब्यू मैच में जड़ा यादगार शतक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.