बेंगलुरु में बोले पीएम मोदी, पूरी दुनिया को हार का दोषी बताती है कांग्रेस, अकड़ ने डुबोई लुटिया
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को बेंगलुरु में कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी अपनी ऐतिहासिक पराजयों को स्वीकार करने के बजाय अहंकार में डूबी हुई है। एचएएल एयरपोर्ट के पास एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि 40 साल पहले 400 सीटें जीतने वाली कांग्रेस पिछले तीन चुनावों से 100 का आंकड़ा भी नहीं छू पा रही है। इसके बावजूद, कांग्रेस और उसका इकोसिस्टम अपनी विफलताओं के लिए खुद को सुधारने के बजाय ईवीएम, अदालतों, लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को दोषी ठहराने में लगा है।
कांग्रेस की किताब में सुशासन का अध्याय ही नहीं
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस शासित राज्यों की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि पार्टी के पास सुशासन का कोई विजन नहीं है। कर्नाटक का उदाहरण देते हुए पीएम मोदी ने तंज कसा कि यहाँ सरकार का पूरा समय अंदरूनी कलह सुलझाने में बीत रहा है और किसी को नहीं पता कि मुख्यमंत्री कब तक अपनी कुर्सी पर बने रहेंगे। उन्होंने हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि जहाँ भी कांग्रेस सत्ता में आती है, वहाँ या तो खजाना लूटा जाता है या फिर वेतन देने तक के पैसे नहीं बचते। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की झूठी ‘गारंटियों’ से जनता अब ऊब चुकी है।
कांग्रेस ने डीएमके की पीठ में घोंपा छुरा
पीएम मोदी ने तमिलनाडु की राजनीति का उल्लेख करते हुए कांग्रेस को धोखेबाज पार्टी करार दिया। उन्होंने कहा कि करीब 30 साल तक डीएमके के समर्थन से सत्ता का सुख भोगने वाली कांग्रेस ने मौका मिलते ही अपने सबसे पुराने सहयोगी की पीठ में छुरा घोंप दिया। उन्होंने केरल की राजनीतिक अनिश्चितता पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वहां मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही खींचतान पर कांग्रेस का इकोसिस्टम पूरी तरह मौन है। पीएम ने जोर देकर कहा कि भाजपा का मॉडल सबका कल्याण और सुशासन है, जबकि कांग्रेस सिर्फ अपने ही नेताओं और सहयोगियों को ठगना जानती है।
Also Read: कर्नाटक के मंत्री डी. सुधाकर का निधन, लंबी बीमारी के बाद अस्पताल में तोड़ा दम

