Jaunpur News: वार्षिकोत्सव मंच से BJP नेता कृपाशंकर सिंह का बड़ा बयान, बोले- शिक्षा से बनती है जिले की पहचान

Sandesh Wahak Digital Desk: जौनपुर लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी और महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह एक निजी स्कूल के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत छात्रों द्वारा गणेश वंदना और सरस्वती वंदना से हुई, जिसके बाद रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में कृपाशंकर सिंह ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा किसी कार्यक्रम से दी नहीं जाती, बल्कि छात्र उसे स्वयं मेहनत और लगन से ग्रहण करता है।

उन्होंने कहा कि हर छात्र का सपना होता है कि वह उच्च शिक्षा प्राप्त करे और जीवन में सफलता हासिल कर अपने परिवार और समाज का नाम रोशन करे।

उन्होंने स्कूल प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि माता सरस्वती की कृपा से यह संस्थान शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है और विभिन्न क्षेत्रों में इसके कई संस्थान स्थापित हो चुके हैं।

Jaunpur News

उन्होंने कहा कि किसी एक छात्र की सफलता सिर्फ उसके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे गांव, क्षेत्र, जिला और प्रदेश की उपलब्धि होती है।

जौनपुर को ‘शिराज-ए-हिन्द’ के नाम से पहचान मिलने का उल्लेख करते हुए कृपाशंकर सिंह ने कहा कि जिले के कई गांव ऐसे हैं, जहां लगभग हर घर से IAS, IPS और PCS जैसे अधिकारी निकले हैं।

हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि इस बार सिविल सेवा परीक्षाओं में जौनपुर पहले जैसी उपलब्धि हासिल नहीं कर सका।

इस पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि पहले छात्र इंटरमीडिएट के बाद प्रयागराज और अन्य बड़े शहरों में जाकर पढ़ाई करते थे। यदि जौनपुर में एक केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना हो जाए, तो यह जिला एक बार फिर शिक्षा का बड़ा केंद्र बन सकता है।

उन्होंने कहा कि इससे जौनपुर की पहचान देशभर में और मजबूत होगी और यह जिला फिर से IAS और IPS देने वाले प्रमुख जनपदों में शामिल हो सकेगा।

रिपोर्ट- दीपक सिंह

Also Read: यूपी में फिर पोस्टर वॉर, अखिलेश यादव को कटियाबाज बताकर घेरा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.