Lucknow Crime News: बिजनौर थाना क्षेत्र में हुए हत्याकांड का 24 घंटे में हुआ खुलासा, मुख्य आरोपी और नाबालिग गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के दक्षिणी जोन अंतर्गत थाना बिजनौर पुलिस ने हत्या की एक सनसनीखेज वारदात का 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है।

पुलिस ने इस मामले में एक मुख्य अभियुक्त और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चापड़ और खून से सनी ईंट भी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, 9 मई 2026 को अशरफ नगर, थाना बिजनौर निवासी शुभम गौतम ने तहरीर देकर अपने भाई सूरज की हत्या किए जाने की सूचना दी थी। इस आधार पर थाना बिजनौर में मु0अ0सं0-126/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपायुक्त, दक्षिणी लखनऊ के निर्देश पर तीन विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।

पुलिस टीमों ने करीब 50 सीसीटीवी फुटेज, मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए 10 मई 2026 की रात करीब 2:30 बजे ग्राम रसूलपुर इठुरिया नाले की पुलिया के पास से एक अभियुक्त और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया।

आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चापड़ और ईंट बरामद की गई, जिसके बाद मुकदमे में धारा 315 बीएनएस और 4/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई।

पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा

पुलिस पूछताछ में मुख्य अभियुक्त अनिल कुमार यादव ने बताया कि उसकी मां सुषमा देवी का मृतक सूरज से पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध था।

करीब दो महीने पहले उसने सूरज को अपनी मां के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। लोक-लाज के कारण उस समय कुछ न कह पाने के बावजूद उसने सूरज को घर आने से मना किया, लेकिन सूरज नहीं माना।

इसी रंजिश में अनिल ने अपने नाबालिग रिश्ते के चाचा के साथ मिलकर सूरज की हत्या की साजिश रची।

8 मई 2026 को दोनों ने सूरज को शराब लाने के बहाने बुलाया और उसकी मोटरसाइकिल से गांव के बाहर आम के बाग के पास खाली प्लॉट में ले जाकर उसे अधिक शराब पिला दी।

नशे की हालत में अनिल ने चापड़ से सूरज पर हमला किया, जबकि नाबालिग ने ईंट से सिर पर वार किया। जब तक सूरज की मौत नहीं हो गई, दोनों ने हमला जारी रखा। इसके बाद मोबाइल, हथियार और खून से सनी ईंट को खेत में फेंककर फरार हो गए।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने खून के दाग धोकर उसी कपड़े में शादी समारोह में भी शिरकत की और बाद में घटनास्थल पर भी पहुंचे, ताकि किसी को शक न हो।

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण

  • अनिल कुमार यादव (22 वर्ष), निवासी अशरफ नगर, थाना बिजनौर, लखनऊ
  • एक नाबालिग बाल अपचारी (उम्र लगभग 17 वर्ष)

अनिल यादव कक्षा 8 तक शिक्षित है और मॉल में स्वीपर का काम करता है, जबकि नाबालिग कक्षा 9 का छात्र है।

बरामदगी

  • हत्या में प्रयुक्त एक चापड़
  • एक खून लगी ईंट
  • मृतक का आईफोन मोबाइल

पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Also Read: Lucknow News: मदरसों से निकलेगा जागरूक नागरिक, शुरू हुई संवैधानिक शिक्षा की पहल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.