लखनऊ में सपा सांसद के आवास पर राजेश्वर सिंह के समर्थकों का प्रदर्शन

Lucknow News: लखनऊ की सियासत रविवार को उस समय गरमा गई जब सरोजनी नगर से भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह के सैकड़ों समर्थक सड़क पर उतर आए। मुंशी पुलिया स्थित मोहनलालगंज के सपा सांसद आरके चौधरी के आवास पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सांसद के घर के बाहर जमीन पर बैठकर नारेबाजी की और महिलाओं के प्रति उनके कथित आपत्तिजनक बयानों पर कड़ा ऐतराज जताया।

भाजपा समर्थकों का आरोप है कि आरके चौधरी ने नारी वंदन अधिनियम के खिलाफ टिप्पणी कर महिलाओं का घोर अपमान किया है। मुंशी पुलिया पहुँचने से पहले सभी कार्यकर्ता 1090 चौराहे पर एकत्रित हुए, जहाँ से गाड़ियों के काफिले के साथ वे सांसद के आवास की ओर बढ़े। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने प्रियंका गांधी होश में आओ और अन्य कार्यकर्ताओं ने विपक्षी नेताओं के खिलाफ जमकर नारे लगाए। समर्थकों का कहना है कि जब तक सांसद सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, उनका विरोध जारी रहेगा।

सांसद से बिना मिले ही लौट गए समर्थक

करीब आधे घंटे तक चली इस नारेबाजी और प्रदर्शन के बीच सपा सांसद आरके चौधरी अपने आवास के भीतर ही मौजूद थे। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि वे प्रदर्शन करने आईं महिलाओं का पूरा सम्मान करेंगे और उनसे बात करने को तैयार हैं। हालांकि, कड़ी धूप में प्रदर्शन करने के बाद विधायक राजेश्वर सिंह के समर्थक सांसद से सीधे संवाद किए बिना ही वापस सरोजनी नगर लौट गए। इस प्रदर्शन ने आगामी स्थानीय राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से माहौल को और गर्मा दिया है।

Also Read: कतर के पास मालवाहक जहाज पर हमला, अज्ञात हथियार से बनाया निशाना

Get real time updates directly on you device, subscribe now.