सिपाही ने वीडियो जारी कर सीएम योगी से पूछा, क्या मैं आतंकवादी हूँ…
Lucknow News: लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट की रिजर्व पुलिस लाइंस में तैनात सिपाही सुनील शुक्ला और विभाग के बीच टकराव गहराता जा रहा है। 7 और 8 मई के बाद अब 10 मई को सुनील ने अपना तीसरा वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई है। सिपाही ने विभागीय अधिकारियों पर काले अंग्रेज होने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके घर पर रात के 1 बजे पुलिस भेजकर उन्हें और उनके परिवार को प्रताड़ित किया जा रहा है। सुनील ने तीखे लहजे में सवाल किया, क्या मैं कोई अपराधी या नक्सली हूँ जो मेरे साथ ऐसा व्यवहार हो रहा है?
भगत सिंह का अनुयायी हूँ, झुकूँगा नहीं
वीडियो में सुनील शुक्ला ने खुद को भगत सिंह की विचारधारा से प्रेरित बताते हुए कहा कि उन्हें मानसिक रूप से तोड़ा नहीं जा सकता। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी आवाज को बंद करने के केवल दो ही तरीके हैं या तो उनकी हत्या करा दी जाए या फिर पुलिस विभाग के भीतर व्याप्त भ्रष्टाचार, शोषण और अनियमितताओं को समाप्त करने के लिए होमगार्ड विभाग की तर्ज पर एक विशेष कमेटी का गठन किया जाए। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, मेरी माँ ने गीदड़ नहीं, शेर पैदा किया है, मैं डरने वाला नहीं हूँ।
लखनऊ पुलिस का पलटवार, दबिश के आरोप झूठे
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लखनऊ पुलिस ने आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी कर सभी आरोपों को निराधार बताया है। पुलिस के मुताबिक, सुनील शुक्ला द्वारा पहले लगाए गए आरोपों की जांच चल रही है और उसी जांच के संबंध में बयान दर्ज कराने हेतु उन्हें नोटिस दिया जाना था। पुलिस का कहना है कि टीम केवल नियमानुसार नोटिस सर्व करने उनके आवास पर गई थी और परिजनों से दुर्व्यवहार की बात पूरी तरह असत्य है। विभाग ने कहा कि आरक्षी को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर दिया जा रहा है।
Also Read: सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में बरेली को प्रदेश में मिला दूसरा स्थान, डीएम ने दी बधाई

