NEET UG परीक्षा रद्द, पेपर लीक के शक में NTA का बड़ा फैसला, अब CBI करेगी मामले की जांच
Sandesh Wahak Digital Desk: मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 की तैयारी कर रहे लाखों छात्रों के लिए बड़ी खबर है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने पेपर लीक होने के पुख्ता इनपुट मिलने के बाद 3 मई 2026 को आयोजित हुई परीक्षा को रद्द करने का निर्णय लिया है। सरकार की मंजूरी के बाद जारी नोटिस में NTA ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की नई तारीखों का ऐलान जल्द ही किया जाएगा। अब इस पूरे प्रकरण की गहराई से जांच CBI द्वारा की जाएगी।
120 सवाल गेस पेपर से हूबहू मैच
परीक्षा रद्द करने के पीछे राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) का बड़ा खुलासा माना जा रहा है। SOG की जांच में सामने आया कि परीक्षा से करीब एक महीने पहले ही एक गेस पेपर अभ्यर्थियों के बीच सर्कुलेट हो रहा था। इस गेस पेपर के 410 सवालों में से 120 सवाल नीट के केमिस्ट्री सेक्शन में हूबहू (Word to Word) मिले हैं। दावा किया जा रहा है कि 720 में से 600 अंकों के प्रश्न पहले ही आउट हो चुके थे।
केरल से राजस्थान तक फैला जाल, कई संदिग्ध गिरफ्तार
जांच एजेंसियों के अनुसार, पेपर लीक का यह नेटवर्क केरल से शुरू होकर राजस्थान के सीकर और झुंझुनूं तक फैला था। पिछले चार दिनों में देहरादून, सीकर और झुंझुनूं से 20 से ज्यादा संदिग्धों को पकड़ा गया है, जिनमें अधिकांश करियर काउंसलर हैं। देहरादून से पकड़े गए सीकर के राकेश मंडावरिया की निशानदेही पर पुलिस ने कई अन्य लोगों को दबोचा है।
22 लाख छात्रों का भविष्य अधर में
देश के मेडिकल, डेंटल और आयुष कॉलेजों (MBBS, BDS, BAMS) में दाखिले के लिए आयोजित इस परीक्षा में इस साल 22.05 लाख विद्यार्थी शामिल हुए थे। 3 मई को परीक्षा होने के बाद 7 मई को पहली बार लीक के इनपुट मिले थे, जिन्हें 8 मई को केंद्रीय एजेंसियों को सौंपा गया था। अब छात्रों को दोबारा परीक्षा होने का इंतज़ार है।

