Agra News: यमुना में नहाने गए 6 बच्चे डूबे, 3 की मौत, एक की तलाश जारी
Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित कमला नगर इलाके में मंगलवार को उस वक्त मातम पसर गया, जब यमुना नदी में नहाने उतरे छह बच्चे तेज बहाव और गहराई की चपेट में आ गए। भीषण गर्मी से बचने के लिए बच्चे नदी में उतरे थे, लेकिन अचानक संतुलन बिगड़ने से वे डूबने लगे। घाट पर मौजूद लोगों के शोर मचाने पर स्थानीय तैराक और पुलिस तुरंत हरकत में आए।
पीएसी और पुलिस की संयुक्त टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद पांच बच्चों को पानी से बाहर निकाला और तत्काल एसएन मेडिकल कॉलेज पहुँचाया। दुर्भाग्यवश, अस्पताल में उपचार के दौरान कान्हा, रिया और महक ने दम तोड़ दिया। दो अन्य बच्चों, काजल और अंशू का इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। वहीं, छठे बच्चे की तलाश में देर शाम तक गोताखोर यमुना की लहरों को खंगालते रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक बच्चे को बचाने के चक्कर में सभी गहरे पानी में समाते चले गए। घटना के बाद से पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि घाटों पर चेतावनी बोर्ड या बैरिकेडिंग न होने की वजह से अक्सर ऐसे हादसे होते हैं। पुलिस फिलहाल लापता बच्चे की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी रखे हुए है।
Also Read: पाकिस्तान के नौरंग बाजार में फटा बारूद से भरा ऑटो रिक्शा, 9 की मौत, 35 घायल

