केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री ने बताया एक दिन में कितनी LPG बना रहा है भारत, आप भी जाने

Sandesh Wahak Digital Desk : पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच केंद्र सरकार ने देश में ईंधन आपूर्ति को लेकर भरोसा दिलाया है। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि भारत के पास फिलहाल पर्याप्त ईंधन भंडार मौजूद है और आम लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।

भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) के वार्षिक व्यापार सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि देश के पास 69 दिनों का कच्चे तेल और एलएनजी का भंडार उपलब्ध है, जबकि 45 दिनों का एलपीजी स्टॉक भी सुरक्षित है।

एलपीजी उत्पादन में बड़ा इजाफा

हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण संभावित असर को देखते हुए सरकार ने एलपीजी उत्पादन में भी बढ़ोतरी की है। उन्होंने बताया कि एलपीजी उत्पादन को 35,000-36,000 टन प्रतिदिन से बढ़ाकर 54,000 टन प्रतिदिन कर दिया गया है, ताकि घरेलू जरूरतों को बिना किसी बाधा के पूरा किया जा सके।

सतर्कता बरतने का संकेत

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मितव्ययिता अपनाने की अपील को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उनका कहना था कि पश्चिम एशिया के मौजूदा हालात से आर्थिक दबाव बढ़ सकता है, इसलिए इससे निपटने के उपायों पर अभी से विचार करना जरूरी है।

प्रधानमंत्री ने भी की थी अपील

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा था कि सरकार देशवासियों को पश्चिम एशिया संकट के प्रतिकूल प्रभाव से बचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने लोगों से ईंधन का सोच-समझकर उपयोग करने, सोने की खरीद को टालने और गैर-जरूरी विदेश यात्राओं से बचने की अपील की थी। प्रधानमंत्री का कहना था कि ऐसे कदम देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाए रखने में मददगार साबित होंगे।

सरकार का संदेश साफ है कि फिलहाल ईंधन आपूर्ति को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए सतर्कता और जिम्मेदार खपत जरूरी है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.