Kanpur News: महीनों से गायब चल रहे 14 पुलिसकर्मी सस्पेंड, 118 को नोटिस
Kanpur News: कानपुर पुलिस कमिश्नरेट ने अनुशासन की धज्जियां उड़ाने वाले लापरवाह पुलिसकर्मियों पर शिकंजा कस दिया है। लंबे समय से बिना किसी सूचना के ड्यूटी से गायब चल रहे 14 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। इसके अलावा, 118 अन्य कर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है। पुलिस विभाग की इस बड़ी कार्रवाई से पूरे महकमे में हड़कंप मच गया है।
जांच में सामने आया कि कई पुलिसकर्मी महज 2 से 5 दिन की छुट्टी लेकर गए थे, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी वापस नहीं लौटे। सस्पेंड होने वालों में दो दरोगा भी शामिल हैं। सबसे हैरान करने वाला मामला सिपाही दुष्यंत का है, जो पिछले 168 दिनों से ड्यूटी से नदारद है। वहीं, सब इंस्पेक्टर मोनू सिंह भी 54 दिनों से गैरहाजिर चल रहे हैं।
पुलिस कमिश्नर मुख्यालय संकल्प शर्मा के अनुसार, विभाग अनुशासनहीनता को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रहा है। इससे पहले जुलाई 2025 में भी 161 पुलिसकर्मियों के खिलाफ जांच बिठाई गई थी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बार-बार चेतावनी और पत्र भेजने के बावजूद ड्यूटी पर न लौटने वालों के खिलाफ अब बर्खास्तगी जैसी सख्त विभागीय कार्रवाई भी की जा सकती है।
Also Read: केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री ने बताया एक दिन में कितनी LPG बना रहा है भारत, आप भी जाने

