मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का निधन, 38 वर्ष की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा

Lucknow News: समाजवादी पार्टी के संस्थापक दिवंगत मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का बुधवार सुबह लखनऊ में असामयिक निधन हो गया। 38 वर्षीय प्रतीक यादव को सुबह करीब 6 बजे गंभीर अवस्था में लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया था, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत के सटीक कारणों का अभी आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं था।

प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव और साधना गुप्ता के पुत्र थे। राजनीति के सबसे बड़े परिवार से ताल्लुक रखने के बावजूद उन्होंने खुद को कभी सियासी गलियारों तक सीमित नहीं रखा। लंदन की लीड्स यूनिवर्सिटी से शिक्षित प्रतीक ने रियल एस्टेट और फिटनेस इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाई थी। वे लखनऊ के गोमती नगर में द फिटनेस प्लानेट जिम के संचालक थे।

अपर्णा यादव के साथ 14 साल का सफर

प्रतीक यादव को बेजुबान जानवरों से विशेष लगाव था और वे ‘जीव आश्रय’ नामक एनजीओ के जरिए लावारिस पशुओं की सेवा में सक्रिय रहते थे। उनकी व्यक्तिगत जिंदगी की बात करें तो उन्होंने साल 2011 में अपनी स्कूल फ्रेंड और वर्तमान भाजपा नेता अपर्णा यादव से विवाह किया था। सैफई में हुई इस शादी में देश की नामचीन हस्तियों ने शिरकत की थी। प्रतीक अपने पीछे पत्नी अपर्णा और दो बेटियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन की खबर से सैफई से लेकर लखनऊ तक शोक की लहर है।

Also Read: पीएम की अपील का बाजार पर असर, रियल एस्टेट और ज्वेलरी शेयरों में लगातार दूसरे दिन गिरावट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.