पीएम मोदी ने अपने काफिले की गाड़ियां की आधी, EV पर भी जोर
Sandesh Wahak Digital Desk: सरकारी संसाधनों के विवेकपूर्ण इस्तेमाल और फिजूलखर्ची पर लगाम लगाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बड़ी पहल की है। उन्होंने अपने आधिकारिक काफिले (कॉन्वॉय) के आकार को तत्काल प्रभाव से 50 प्रतिशत तक छोटा करने का निर्देश दिया है। प्रधानमंत्री ने अपनी सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाली स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) को स्पष्ट किया है कि सुरक्षा मानकों से समझौता किए बिना वाहनों की संख्या में कटौती की जाए।
इस निर्देश की खास बात यह है कि पीएम मोदी ने पर्यावरण संरक्षण को देखते हुए काफिले में इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) को शामिल करने की इच्छा जताई है। हालांकि, सरकारी खजाने पर बोझ न पड़े, इसके लिए उन्होंने सख्त हिदायत दी है कि इस बदलाव के लिए नई गाड़ियां नहीं खरीदी जाएंगी, बल्कि मौजूदा संसाधनों का ही बेहतर प्रबंधन किया जाएगा। दिल्ली के बाहर प्रधानमंत्री की हालिया यात्राओं में इस बदलाव का असर दिखने भी लगा है।
यूपी की तर्ज पर केंद्र का फैसला
प्रधानमंत्री की यह पहल केवल खर्च कटौती तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मंत्रियों और वरिष्ठ नौकरशाहों के लिए भी एक बड़ा संदेश है। गौरतलब है कि इससे पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अपने और अपने मंत्रियों के काफिले में 50 फीसदी कटौती के साथ-साथ वर्क फ्रॉम होम और वर्चुअल बैठकों को बढ़ावा देने के निर्देश दे चुके हैं। केंद्र सरकार की इस मुहिम से अब अन्य विभागों में भी प्रशासनिक सुधार और हरित ऊर्जा के उपयोग को गति मिलने की उम्मीद है।
Also Read: प्रतीक यादव के निधन पर मुख्यमंत्री ने जताया शोक

