हरियाणा निकाय चुनाव: सोनीपत में भाजपा का खिला कमल, हुड्डा के गढ़ सांपला में भी कांग्रेस को झटका

Sandesh Wahak Digital Desk: हरियाणा के निकाय चुनाव की मतगणना के दौरान प्रदेश की सियासत में जबरदस्त हलचल देखी जा रही है। सत्ताधारी भाजपा ने कई महत्वपूर्ण सीटों पर जीत दर्ज कर अपना दबदबा बनाया है। सोनीपत नगर निगम में भाजपा के राजीव जैन ने कांग्रेस के कमल दीवान को कड़े मुकाबले में मात देकर मेयर की कुर्सी पर कब्जा कर लिया। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के प्रभाव वाले सांपला में भाजपा के प्रवीण कोच ने चेयरमैन पद जीतकर बड़ा उलटफेर कर दिया है। धारूहेड़ा में भी भाजपा के अजय जांगड़ा चेयरमैन निर्वाचित हुए हैं, जबकि उकलाना में कांग्रेस समर्थित रीमा सोनी ने भाजपा को शिकस्त दी।

एक ओर जहाँ भाजपा जीत का जश्न मना रही है, वहीं पंचकूला में मतगणना केंद्र पर हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। कांग्रेस की मेयर उम्मीदवार सुधा भारद्वाज ने चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए अधिकारियों पर धांधली का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि स्ट्रांग रूम में चोर दरवाजे बनाए गए थे और EVM की सील टूटी हुई मिली। इन आरोपों के बाद कांग्रेस समर्थकों ने मतगणना केंद्र के बाहर जमकर नारेबाजी और हंगामा किया।

अंबाला में कांग्रेस के दिग्गजों को लगा झटका

अंबाला में मेयर पद के लिए भाजपा की अक्षिता सैनी ने निर्णायक बढ़त बना ली है। 9वें राउंड की मतगणना के बाद वे कांग्रेस की कुलविंदर कौर से 12,687 वोटों से आगे चल रही हैं। भाजपा की यह बढ़त कांग्रेस के लिए चिंता का विषय इसलिए भी है क्योंकि वार्ड-12 जैसे इलाकों में भी उसे हार झेलनी पड़ी है, जो कांग्रेस सांसद वरुण मुलाना और जिलाध्यक्ष पवन अग्रवाल का गृह क्षेत्र माना जाता है।

Also Read: IPL Tickets Scam: आईपीएल के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा, 600 से ज्यादा नकली डोमेन से टिकट ठगी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.