टीम इंडिया का आयरलैंड दौरा रद्द होने की आशंका, वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू पर संकट

Sandesh Wahak Digital Desk: आयरलैंड में प्रवासियों के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शन के हिंसक होने से भारत–आयरलैंड टी20 सीरीज पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं।

हाल ही में बेलफास्ट में चाकूबाजी की घटना के बाद हालात और बिगड़ गए, जिसके चलते लोगों को अपने घर छोड़ने तक की नौबत आ गई। मौजूदा हालात का असर 26 और 28 जून को प्रस्तावित भारत–आयरलैंड के दो टी20 मुकाबलों पर पड़ सकता है, जो बेलफास्ट में ही खेले जाने हैं।

इस पूरे घटनाक्रम पर Cricket Ireland ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा है कि वह सुरक्षा हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और अगले 48 घंटों के भीतर कोई ठोस फैसला लिया जा सकता है।

क्रिकेट आयरलैंड ने स्पष्ट किया कि खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और सहयोगी कर्मियों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

दूसरी ओर, मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार BCCI भी नॉर्दर्न आयरलैंड में हो रही हिंसक घटनाओं पर करीबी नजर रखे हुए है। यदि हालात में जल्द सुधार नहीं होता, तो सीरीज को रद्द करने या मुकाबलों के वेन्यू में बदलाव पर विचार किया जा सकता है।

इस अनिश्चितता के बीच युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के इंटरनेशनल डेब्यू का इंतजार कर रहे फैंस को भी झटका लग सकता है। वैभव को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है।

Vaibhav Sooryavanshi

यदि उन्हें डेब्यू का मौका मिलता है, तो वह सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ते हुए भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन सकते हैं। हालांकि, आयरलैंड दौरे पर संकट गहराने से उनका यह सपना फिलहाल अधर में लटकता नजर आ रहा है।

इस दौरे पर एक और अहम बात यह है कि श्रेयस अय्यर पहली बार टीम इंडिया की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे। ऐसे में यह सीरीज युवा खिलाड़ियों के साथ-साथ टीम प्रबंधन के लिए भी खास मानी जा रही है।

आयरलैंड टी20 सीरीज के लिए भारतीय स्क्वाड:

श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, ईशान किशन, वाशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव और वैभव सूर्यवंशी।

अब सभी की निगाहें अगले 48 घंटों में होने वाले फैसले पर टिकी हैं, जो यह तय करेगा कि टीम इंडिया का आयरलैंड दौरा होगा या नहीं।

Also Read: T20 World Cup 2026 Prize Money: महिला टी20 वर्ल्ड कप के लिए ICC का ऐतिहासिक फैसला, इनामी राशि में रिकॉर्ड बढ़ोतरी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.